बोर्ड परीक्षा से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन! नागपुर के 29 केंद्र संवेदनशील, ड्रोन से होगी निगरानी
Maharashtra Board Exam 2026: नागपुर में 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा से पहले 29 परीक्षा केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए। बोर्ड ने सख्त निगरानी, फ्लाइंग स्क्वॉड और ड्रोन से मॉनिटरिंग का फैसला लिया।
- Written By: आकाश मसने
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स- AI)
Nagpur Sensitive Exam Centers: महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा ली जाने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। इस बीच नागपुर जिले में कुल 29 केंद्र विवादित और संवेदनशील होने की जानकारी सामने आई है। बोर्ड ने छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्रों की मान्यता रद्द करने की बजाय सख्त निगरानी रखने का निर्णय लिया है।
महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा 12वीं की परीक्षा 10 फरवरी और 10वीं की 20 फरवरी से ली जाएगी। इस बार 12वीं के लिए जिले में 172 केंद्र और 10वीं के लिए 222 केंद्र निर्धारित किये गये हैं। केंद्रों को लेकर बोर्ड द्वारा सतत रूप से समीक्षा भी की जा रही है। हाल ही में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला दक्षता समिति की बैठक ली गई। इसमें शिक्षा विभाग सहित पुलिस विभाग व राजस्व विभाग को व्यवस्था के बारे में निर्देश दिये गये। परीक्षा में नकल, सामूहिक नकल सहित अन्य गड़बड़ी रोकने के लिए बोर्ड ने सख्त भूमिका अपनाने का निर्णय लिया है।
नागपुर शहर में 3 परीक्षा केंद्र संवेदनशील
बोर्ड ने नागपुर जिले के 29 केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया है। इनमें नागपुर शहर के 3 और ग्रामीण के 26 केंद्रों का समावेश है। शिक्षा मंडल ने इन केंद्रों की मान्यता रद्द करने के निर्देश दिए थे लेकिन छात्रों की सुविधा को देखते हुए इन केंद्रों को एक और अवसर दिया गया है। नियमानुसार स्कूल से परीक्षा केंद्र की दूरी 5 किमी होनी चाहिए। इस दूरी के भीतर अन्य कोई स्कूल नहीं होने से ही इन केंद्रों को अवसर दिया गया है लेकिन इन केंद्रों पर विशेष नजर रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
सम्बंधित ख़बरें
सांगली हत्याकांड के मुख्य गवाह की हत्या, कर्नाटक में मिली लाश; शिंदे गुट के पदाधिकारी समेत 3 गिरफ्तार
शरद पवार गुट के नेता विकास लवांडे पर जानलेवा हमला, स्याही फेंककर दी जान से मारने की धमकी, VIDEO वायरल
Amravati Division 10th Result: बुलढाणा जिला रहा अव्वल, बेटियों ने फिर गाड़े सफलता के झंडे
Chandrapur SSC Result: पोंभुर्णा तहसील जिले में अव्वल, 81 स्कूलों का 100% रिजल्ट
कहां कितने केंद्र संवेदनशील
- 3 केंद्र नागपुर शहर में
- 26 केंद्र ग्रामीण भागों में
- 172 केंद्र 12वीं के लिए
- 222 केंद्र 10वीं के लिए
यह भी पढ़ें:- नीता ठाकरे के हाथ होगी नागपुर मनपा की कमान! आखिरी वक्त में उपमहापौर पद पर लीला हाथीबेड की हुई एंट्री
विभाग के 6 फ्लाइंग स्क्वॉड, ड्रोन से भी निगरानी
इस बीच, परीक्षा केंद्रों पर गड़बड़ियों को रोकने के लिए विभाग द्वारा कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। विभाग के हर जिले में 6 फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात रहेंगे। इनमें शिक्षाधिकारी, उपशिक्षाधिकारी, योजना अधिकारी की टीमें शामिल होंगी। इसके अलावा जिलाधिकारी, पुलिस और राजस्व विभाग की अलग-अलग टीमें भी तैयार रहेंगी। प्राचार्य और डायट अधिकारियों की भी टीमें केंद्रों का निरीक्षण करेंगी। तहसील स्तर पर भी विजिलेंस कमेटियां काम करेंगी। संवेदनशील केंद्रों पर बैठा पथक तैनात किया जाएगा। साथ ही पुलिस विभाग ड्रोन कैमरों से मॉनिटरिंग करेगा।
