नागपुर को मिला नया कलेक्टर, अब कुमार आशीर्वाद संभालेंगे जिले की कमान, जानें उनका ट्रैक रिकॉर्ड

New Nagpur Collector Kumar Ashirwad: कुमार आशीर्वाद होंगे नागपुर के नए जिलाधिकारी। आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्र और 2016 बैच के आईएएस अधिकारी संभालेंगे कार्यभार। जानें उनका प्रशासनिक सफर।
IAS Kumar Ashirwad appointed as the new District Collector of Nagpur. A 2016 batch officer and IIT Kharagpur alumnus, he succeeds Dr. Vipin Itankar
आईएएस कुमार आशीर्वाद (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

IAS Kumar Ashirwad Profile: अंतत: नागपुर जिलाधिकारी का इंतजार खत्म हुआ। सरकार ने सोलापुर के जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद को नागपुर के जिलाधिकारी के रूप में नियुक्त किया है। फिलहाल पूर्व जिलाधिकारी व विद्यमान मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर के पास ही कलेक्टर का प्रभार था।

करीब महीने भर से पूर्णकालिक कलेक्टर की नियुक्ति का इंतजार हो रहा था। कुमार 2016 बैच के महाराष्ट्र कैडर के आईएएस अधिकारी हैं और प्रशासन में कठोर और संवेदनशील निर्णयों के लिए जाने जाते हैं। उनके शनिवार को पदभार संभालने की संभावना है।

कुमार ने आईआईटी खड़गपुर से सिविल इंजीनियरिंग में बी.टेक की डिग्री प्राप्त की है। इससे पहले वे गड़चिरोली जिला परिषद के सीईओ रह चुके हैं। उन्होंने नाशिक में प्रशिक्षु जिलाधिकारी के रूप में भी कार्य किया है।

गड़चिरोली में कार्यरत रहते हुए उन्होंने जिला परिषद के माध्यम से दिव्यांग और निराश्रित नागरिकों के लिए घर-घर जाकर दिव्यांग प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और राशन कार्ड उपलब्ध कराने की पहल की। उनके इस कार्य को केंद्र सरकार ने भी सराहा और उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया गया था।

राज्य में हुए IAS अधिकारियों के तबादले

इसी क्रम में राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए जिले के तीन वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस निर्णय के तहत जिला कलेक्टर, महानगरपालिका आयुक्त और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जिले के कलेक्टर दिलीप स्वामी का तबादला कर दिया गया है। उन्हें अकोला स्थित बीज महामंडल में व्यवस्थापकीय संचालक के पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी जगह चंद्रपुर के जिलाधिकारी विनय गौडा को छत्रपति संभाजीनगर का नया कलेक्टर बनाया गया है। विनय गोडा जल्द ही पदभार संभालेंगे। इसी तरह छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका के आयुक्त जी। श्रीकांत का भी तबादला कर दिया गया है।

कोल्हापुर के जिलाधिकारी को संभाजीनगर की मिली कमान

अब उन्हें नवी मुंबई में जल जीवन मिशन के संचालक पद की जिम्मेदारी दी गई है। उनके स्थान पर कोल्हापुर के जिलाधिकारी अमोल येडगे को छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। वे जल्द ही मनपा आयुक्त पद का कार्यभार संभालेंगे।

इसके साथ ही जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंकित का भी तबादला किया गया है। उन्हें नागपुर महानगरपालिका में अतिरिक्त महापालिका के पद पर नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर जालना जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी. एम. मिन्नू को छत्रपति संभाजीनगर जिला परिषद का नया सीईओ बनाया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com