

Highlights:
कोंढाली-काटोल मार्ग पर कलकुही-मेंढेपठार मोड़ के पास क्रूजर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हुई।
हादसे में दीपांशु चाफले, रोशन चाफले और लोकेश बारंगे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों में कारंजा (घाडगे) निवासी दीपांशु और रोशन चाफले सगे भाई थे।
Kondhali Katol Road Accident: नवरात्रोत्सव के पावन पर्व पर जहां समूचा अंचल देवी की भक्ति में लीन है, वहीं शनिवार की आधी रात एक मनहूस खबर ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।
काटोल में मां जगदंबा के दर्शन कर भक्तिभाव से लौट रहे तीन युवकों की कोंढाली-काटोल मार्ग पर हुए एक भीषण हादसे में घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई और उनका एक अभिन्न मित्र शामिल है। इस हृदयविदारक घटना से कोंढाली और उनके पैतृक गांव कारंजा (घाडगे) में मातम छा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नागपुर ग्रामीण तहसील के शिवा सावंगा निवासी हेमराज गणपत उईके (27) अपने परिवार के साथ क्रूजर गाड़ी क्रं. एमएच 27 बीई 4389 से श्रीक्षेत्र पारडसिंगा एवं काटोल देवी दर्शन के लिए जा रहे थे। दूसरी ओर, कोंढाली के विकास नगर में रहकर काम-काज करने वाले तीन युवक अपनी मोटरसाइकिल क्रं. एमएच 31 बीडब्ल्यू 3404 से नवरात्र पर काटोल देवी दर्शन कर कोंढाली लौट रहे थे।
शनिवार रात करीब 11.15 से 11.30 बजे के बीच कोंढाली-काटोल मार्ग स्थित कलकुही-मेंढेपठार मोड़ के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
काल के क्रूर प्रहार का शिकार बने युवकों में दो सगे भाई कारंजा निवासी दीपांशु दामोदर चाफले, रोशन दामोदर चाफले व उनका मीत्र आष्टी तहसील के माणिकवाडा निवासी लोकेश जगदीश बारंगे का समावेश है। तीनों युवक मूल रूप से वर्धा जिले के कारंजा व आष्टी तहसील के निवासी हैं और वर्तमान में आजीविका के सिलसिले में कोंढाली में रह रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही कोंढाली थाने के थानेदार सुमित परतेकी, हेड कांस्टेबल प्रमोद तभाने तथा उमेश गुरनुले पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। एम्बुलेंस चालक संजय गायकवाड़, सामाजिक कार्यकर्ता परिमल हिंगणकर और सागर भारसाकले ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग दिया।
तीनों युवकों के पार्थिव शरीरों को पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए काटोल ग्रामीण अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने क्रूजर चालक को हिरासत में ले लिया है तथा दुर्घटना का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।