

IndiGo Online Booking Service Disruption: नागपुर इंडिगो की ऑनलाइन सेवाओं पर बुधवार को तकनीकी समस्या का असर देखने को मिला। एयरलाइन के मुख्य रिजर्वेशन प्लेटफॉर्म में रुक-रुककर आ रही तकनीकी दिक्कत के कारण कुछ यात्रियों को टिकट बुकिंग, वेब चेक-इन और अन्य ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी हुई।
एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि उसकी टीमें एक पार्टनर के साथ मिलकर समस्या को जल्द से जल्द दूर करने के लिए काम कर रही हैं।
इंडिगो ने अपनी पोस्ट में बताया कि उसके मुख्य रिजर्वेशन प्लेटफॉर्म में बीच-बीच में तकनीकी समस्या आ रही है। इसके कारण कुछ ग्राहकों को ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है। एयरलाइन ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि तकनीकी टीम समस्या को जल्द से जल्द ठीक करने के प्रयास में जुटी है।
तकनीकी समस्या के कारण कई यात्रियों ने टिकट बुकिंग और वेब चेक-इन पूरा नहीं होने की शिकायत की। कुछ यूजर्स ने ‘एक्स’ पर एयरलाइन को टैग करते हुए बताया कि वेबसाइट और मोबाइल ऐप दोनों पर उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक यात्री ने शिकायत की कि वह बुधवार सुबह से इंडिगो की वेबसाइट और ऐप पर वेब चेक-इन पूरा करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। यात्री ने यह भी दावा किया कि कस्टमर केयर से संपर्क करने के बावजूद तत्काल समाधान नहीं मिल सका।
इंडिगो ने यात्रियों को सलाह दी है कि जिनकी यात्रा तत्काल है और जिन्हें सहायता की जरूरत है, वे एयरलाइन के कॉल सेंटर से संपर्क करें। वहीं, जिन यात्रियों की उड़ान बाद में है, उन्हें कुछ समय बाद वेबसाइट या ऐप के जरिए दोबारा प्रयास करने को कहा गया है।
इंडिगो के अनुसार, तकनीकी समस्या उसके मुख्य रिजर्वेशन प्लेटफॉर्म से जुड़ी है और इसे ठीक करने के लिए संबंधित पार्टनर के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि तकनीकी समस्या पूरी तरह कब तक ठीक होगी।
हालांकि, एयरलाइन का कहना है कि उसकी टीमें ऑनलाइन सेवाओं को सामान्य करने के लिए लगातार काम कर रही हैं। यात्रियों के लिए फिलहाल सबसे जरूरी सलाह यही है कि वे वेब चेक-इन या बुकिंग में परेशानी आने पर कुछ समय बाद दोबारा प्रयास करें और तत्काल सहायता की जरूरत होने पर एयरलाइन के आधिकारिक कस्टमर सपोर्ट से संपर्क करें।