IIIT नागपुर के छात्रों को दिल्ली से आमंत्रण, गणतंत्र दिवस परेड के लिए विशेष अतिथी के रूप में होंगे शामिल
आईआईआईटी नागपुर के लिए यह गर्व की बात है कि इसके दो प्रतिभाशाली छात्रों अनुभव राठौर और मंगेश थाले को भारत सरकार द्वारा नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड के लिए विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
- Written By: आंचल लोखंडे
IIIT नागपुर के छात्रों को दिल्ली से आमंत्रण। (सौजन्यः सोशल मीडिया)
नागपुर: राष्ट्रीय त्योहार गणतंत्र दिवस की तैयारियां जोरों पर हैं। दिल्ली के कर्तव्य पथ पर 76वें गणतंत्र दिवस समारोह की परेड देखने के लिए हर साल की तरह इस साल भी पैरालिंपिक दल के सदस्य, बेहतर प्रदर्शन करने वाले गांवों के सरपंच, हथकरघा कारीगर और वन एवं वन्यजीव संरक्षण कार्यकर्ता समेत करीब 10,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।
इसी कड़ी में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान यानी आईआईआईटी नागपुर के लिए यह गर्व की बात है कि इसके दो प्रतिभाशाली छात्रों अनुभव राठौर और मंगेश थाले को भारत सरकार द्वारा नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड के लिए विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
युवा उपलब्धि छात्रवृत्ति योजना के तहत आमंत्रण
यह प्रतिष्ठित आमंत्रण पीएम यशस्वी जीवंत और प्रेरक छात्रों के लिए युवा उपलब्धि छात्रवृत्ति योजना के तहत दिया गया है, जो ओबीसी, ईबीसी और डीएनटी समुदायों के छात्रों को उच्च श्रेणी की शिक्षा के अवसर प्रदान करता है।
सम्बंधित ख़बरें
NEET UG 2026 पर सख्ती: NMC का बड़ा फैसला 2-3 मई को मेडिकल छात्रों की छुट्टी पर रोक, नकल रोकने के निर्देश
नागपुर बनेगा एविएशन ट्रेनिंग हब: फ्लाइट सिम्युलेटर से घटेगी लागत, CPL छात्रों को अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा
महाराष्ट्र दिवस पर नागपुर में हंगामा, अलग विदर्भ की मांग को लेकर प्रर्शनकारियों ने उड़ाए काले गुब्बारे-VIDEO
नागपुर: वर्धमान नगर में 151 करोड़ का 4-लेन ROB तैयार, ट्रैफिक जाम से मिलेगी हमेशा के लिए मुक्ति, देखें VIDEO
पढ़ाई के प्रति समर्पण के आधार पर चुना गया
इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियरिंग यानी ईसीई शाखा के द्वितीय वर्ष के छात्र अनुभव राठौर और सीएसई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग शाखा के द्वितीय वर्ष के छात्र मंगेश थाले को उनके असाधारण शैक्षणिक प्रदर्शन और अपनी पढ़ाई के प्रति समर्पण के आधार पर चुना गया।
महाराष्ट्र की खबरों के लिए यहां क्लिक करें…
महत्वपूर्ण उपलब्धि पर सभी तरफ से मिल रही बधाई
वे इस प्रतिष्ठित सम्मान के हिस्से के रूप में 26 जनवरी, 2025 को गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेंगे। आईआईआईटी नागपुर के निदेशक, डॉ. प्रेम लाल पटेल, कुलसचिव, कैलाश एन. डाखले और एसोसिएट डीन, डॉ. तौसीफ दीवान ने अनुभव राठौर और मंगेश थाले को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई दी।
10,000 विशेष अतिथी आमंत्रित
बता दें कि नई दिल्ली में 76वीं गणतंत्र दिवस परेड का साक्षी बनने के लिए मुंबई के 5 लोगों सहित महाराष्ट्रभर से 23 लोगों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। जानकारी के अनुसार देश भर से 10,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है, जो कर्तव्य पथ पर परेड देखेंगे।
