शराब के नशे में शैतान बना पड़ोसी, मां-बेटी की बेरहमी से की हत्या, मौके पर तोड़ा दम, आरोपी गिरफ्तार

Gangapur Double Murder: नागपुर के गंगापुर में मामूली विवाद पर नशेड़ी पड़ोसी ने मां-बेटी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या की। आरोपी नितेश ठाकरे गिरफ्तार। उमरेड पुलिस मामले की जांच में जुटी।
Gangapur Double Murder: नागपुर के गंगापुर में मामूली विवाद पर नशेड़ी पड़ोसी ने मां-बेटी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या की। आरोपी नितेश ठाकरे गिरफ्तार। उमरेड पुलिस मामले की जांच में जुटी।
गंगापुर में हत्या (सौजन्य-नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Nagpur Crime News: शहर के गंगापुर क्षेत्र स्थित झोपड़पट्टी में शनिवार 27 दिसंबर की दोपहर 1 बजे हुए दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। मामूली विवाद के बाद नशे में धुत एक व्यक्ति ने मां-बेटी पर लकड़ी के डंडे से सिर पर जोरदार वार कर उनकी हत्या कर दी।

इस वारदात में गंगापुर झोपड़पट्टी निवासी संगीता वसंत रिठे (40) और उनकी मां पार्वता शंकर फुकट (65) की मौके पर ही मौत हो गई। संगीता के पति का पहले ही निधन हो चुका था, जिसके बाद वे अपनी मां के साथ गंगापुर क्षेत्र में रह रही थीं। झोपड़पट्टी निवासी आरोपी नितेश किशन ठाकरे (36) मृतकों का पड़ोसी है और उसका इलाके के लोगों से अक्सर विवाद होता रहता था।

डंडे से पीटकर की हत्या

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह हुए विवाद ने दोपहर में हिंसक रूप ले लिया। शराब के नशे में आरोपी ने लकड़ी के डंडे से दोनों महिलाओं के सिर पर जोरदार वार किए। गंभीर चोटों के कारण मां-बेटी खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ीं और कुछ ही देर में दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में नागरिक घटनास्थल पर जमा हो गए।

उमरेड पुलिस स्टेशन के निरीक्षक धनाजी जलक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उपविभागीय पुलिस अधिकारी वृष्टी जैन, पीएसआई माणिक गुट्टे, किरण महागावे, संदीप सेडमाक, नागपुर ग्रामीण एलसीबी के निरीक्षक ओमप्रकाश कोकाटे, पीएसआई बटुलाल पांडे तथा फॉरेंसिक विशेषज्ञ प्रांजली ननावरे और करिश्मा लांजे ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर पंचनामा किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने किया दौरा

नागपुर ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल मस्के ने भी घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस ने आरोपी नितेश ठाकरे को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है। मौत के सटीक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा, ऐसी जानकारी पुलिस ने दी।

Navbharat Live
navbharatlive.com