

Nagpur Encroachment News: नागपुर अधिकारियों की शह पर शहर के मुख्य बाजार सहित अन्य सड़कों के दोनों ओर जनता की सुविधा के लिए बनाए गए फुटपाथ पर व्यापारियों ने कब्जा कर लिया है। फुटपाथ पर दुकानों का सामान रखा जा रहा है। व्यापारी इतने बेखौफ हो चुके हैं कि उन पर अतिक्रमण की कार्रवाई का कोई असर नहीं होता।
अतिक्रमण कार्रवाई के लिए आये बुलडोजर को देख कुछ देर के लिए बस सामान अंदर कर लिया जाता है और जैसे ही बुलडोजर हटता है, फिर से सड़कों पर सामान का ढेर लगा दिया जाता है। न तो जब्त सामान जब्त किया जाता है और न ही दुकानदारों को किसी तरह की हिदायत दी जाती है। अतिक्रमण से मार्केट आने वाले आम राहगीर परेशान हैं। इस तरह का हाल पूरी इतवारी की गलियों, गांधीबाग सहित अन्य स्थानों पर देखा जा सकता है।
दुकान के बाहर सामान रखने का काम इक्का-दुक्का व्यापारी नहीं कर रहे बल्कि पूरे शहर के अधिकतर दुकानदार ऐसा कर रहे हैं। दुकानों के सामने ग्राहकों व राहगीरों के लिए फुटपाथ बनाया गया है लेकिन फुटपाथ पर दुकानदारों ने कब्जा कर रखा है। दुकान का सामान बाहर निकालकर सड़कों पर रखा जा रहा है। और तो और अन्य अतिक्रमणकारी अपना सामान सड़क पर फैलाकर रखते हैं। किराना ओली, बोहरा मस्जिद गली, गांधीबाग, जरीपटका, सक्करदरा, बर्डी, धरमपेठ, कमाल चौक, मानेवाड़ा सहित शहर के मुख्य मार्ग पर सुबह से लेकर देर रात तक बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना लगा रहता है। इन क्षेत्रों में दुकानों के सामने फुटपाथ पर सामान और सड़क पर वाहनों की पार्किंग होने से राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी होती है।
दिन में कई बार यातायात जाम की स्थिति भी निर्मित होती है। राहगीरों के आवागमन की समस्या को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कई बार अभियान चलाकर फुटपाथ और सड़क पर रखे सामानों को हटवाया है लेकिन इस तरह की कार्रवाई केवल दिखावे के लिए होने से किसी पर कोई असर नहीं पड़ता। इसके चलते दुकानदार भी बेखौफ हो चुके है।
इतवारी, जरीपटका, कमाल चौक, गांधीबाग सहित अन्य स्थानों पर सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। यहीं सबसे ज्यादा अतिक्रमण भी है, व्यापारी फुटपाथ पर कब्जा कर अपना व्यापार कर रहे हैं। वहीं सामान सड़क तक फैलाकर रख देते हैं। बाजार में भीड़ बढ़ने पर आवागमन मुश्किल हो जाता है। पिछले कई वर्षों से यह समस्या बनी हुई है