कैदियों द्वारा निर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी, कांचन गडकरी के हाथों किया गया उद्घाटन

Kanchan Gadkari:दीवाली के उपलक्ष्य में नागपुर सेंट्रल जेल के कैदियों द्वारा निर्मित विभिन्न वस्तुओं के प्रदर्शनी एवं बिक्री केंद्र का उद्घाटन कांचन गडकरी के हाथों किया गया।
कैदियों द्वारा निर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी
कैदियों द्वारा निर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur News: दीवाली के उपलक्ष्य में नागपुर सेंट्रल जेल के कैदियों द्वारा निर्मित विभिन्न वस्तुओं के प्रदर्शनी एवं बिक्री केंद्र का उद्घाटन सोमवार को संस्कार भारती संस्था की अध्यक्षा कांचन गडकरी के हाथों किया गया। कारागार विभाग का ध्येय वाक्य “सुधार और पुनर्वास” है। इसी उद्देश्य के अनुरूप कारागार में लोहारकाम, बुनाई, बढ़ई कार्य, बेकरी, पॉवरलूम, महिला विभाग में हस्तकरघा जैसे विविध उद्योग संचालित किए जा रहे हैं।

इन उद्योगों के माध्यम से कैदियों को व्यावसायिक प्रशिक्षण एवं रोजगार उपलब्ध कराया जाता है और उनके कार्य के लिए वेतन भी प्रदान किया जाता है। इन उद्योगों में कैदियों द्वारा तैयार की गई लकड़ी, लोहे, कपड़े तथा अन्य वस्तुओं की आकर्षक शिल्पकृतियां आम नागरिकों के लिए प्रत्येक वर्ष रक्षा बंधन, दशहरा और दिवाली के अवसर पर विक्रय हेतु उपलब्ध कराई जाती हैं। इस वर्ष भी एडीजी जेल सुहास वारके और आईजी जेल योगेश देसाई के मार्गदर्शन में यह उपक्रम आयोजित किया गया।

कैदियों द्वारा निर्मित वस्तुएं समाज तक पहुंचें

कैदियों द्वारा निर्मित वस्तुएं समाज तक पहुंचें और उन्हें कारागार में रोजगार उपलब्ध हो इस उद्देश्य से प्रशिक्षण लेकर कैदियों ने अनेक आकर्षक वस्तुएं तैयार की हैं। इन वस्तुओं का विक्रय केंद्र जेल परिसर में ही है। प्रतिदिन सुबह 9 सेरात 8 बजे तक खुला रहेगा। जिसमें विशेष रूप से दिवाली के अवसर पर रंग-बिरंगी पंतियां, आकाशदिया, हस्तकरघा साड़ियां, लकड़ी की कुर्सियाँ, टी-टेबल, फोल्डिंग स्टूल, चौकियां, ज्वेलरी बॉक्स, पौधे के स्टैंड, शोपीस, सतरंजी आदि वस्तुएँ विक्रय हेतु उपलब्ध हैं।

गडकरी ने कैदियों द्वारा निर्मित वस्तुओं की भरपूर प्रशंसा की। कार्यक्रम में जेल एसपी वैभव आगे, अतिरिक्त अधीक्षक दीपा आगे, निजी सहायक दिलीप मोरे, उपअधीक्षक श्रीधर काले, और आनंद पानसरे सहित वरिष्ठ अधिकारी और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

महिलाओं के लिए नि:शुल्क मेहंदी उपक्रम

इसी अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की संकल्पना से खासदार सांस्कृतिक महोत्सव समिति द्वारा “महिलाओं के लिए नि:शुल्क मेहंदी लगाने का उपक्रम” भी आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन भी कांचन गडकरी के हाथों किया गया। कार्यक्रम में अनिल सोले , जशप्रकाश गुप्ता, राजेश बागडी, निशांत गांधी, दिव्या घुरडे, सुनिता धोटे और अंजली मांगदे उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन बी.एन. राउत और आभार प्रदर्शन एडिश्नल एसपी दीपा आगे ने किया।

कार्यक्रम में कैदियों द्वारा दिया गया संदेश भी पढ़ा गया। जिसमें उन्होंने कहा कि “भले ही हम इस दिवाली पर अपने परिवारों से दूर हैं, परंतु हमारी बनाई वस्तुएं जब अनेक घरों में रोशनी और खुशी फैलाएंगी, तो वही हमारे लिए सच्ची दिवाली होगी। हम सभी नागरिकों से आग्रह करते हैं कि हमारे इस दिवाली मेले में पधारें और हमारा उत्साह बढ़ाएं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com