

नागपुर: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार (3 अगस्त) को नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कुछ पदाधिकारियों से मुलाकात की। यह मुलाकात क्यों हुई। इसके बारें में अब तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन फडणवीस को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलों के बीच आरएसएस के पदाधिकारियों से यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, देवेंद्र फडणवीस ने रेशिमबाग क्षेत्र में स्थित डॉ. हेडगेवार स्मृति मंदिर में दर्शन किए और आरएसएस के कुछ पदाधिकारियों से मुलाकात की। हालांकि, उनकी इस मुलाकात में क्या बात हुई, इसका पता नहीं चल सका है। उपमुख्यमंत्री नागपुर में आयोजित भाजपा सम्मेलन में भी शामिल होंगे।
हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के लिए फडणवीस का नाम सबसे आगे है। उनके अलावा भूपेंद्र यादव और धर्मेंद्र प्रधान के भी नामों की चर्चा की जा रही है। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लगा। जिसके बाद फडणवीस ने सरकार से दूर रहकर पार्टी के लिए काम करने की इच्छा जताई थी। उन्होंने अपना इस्तिफा भी सौंपा था। हालांकि केंद्रीय नेतृत्व ने उनका इस्तिफा स्विकार नहीं किया था। लेकिन अब संगठन उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है।
देवेंद्र फडणवीस नागपुर से आते हैं। नागपुर में आरएसएस का मुख्यालय भी है। देवेन्द्र फडणवीस को संघ का करीबी माना जाता है। आरएसएस के शीर्ष नेताओं से उनके संबंध भी बेहतरीन हैं। चुंकि अगले कुछ महीनों में ही महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में बीजेपी और आरएसएस की बीच में आई खटास को दूर करने की सबसे ज्यादा ज़रूरत है।
फडणवीस ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए अपने नाम पर विचार किए जाने की खबरों को शुक्रवार को खारिज करते हुए इसे मीडिया द्वारा फैलाई गई अफवाह करार दिया था। उन्होंने कहा, ''ये बातचीत मीडिया द्वारा शुरू की गई है और केवल मीडिया तक ही सीमित है।''