राम मंदिर दान कोष विवाद: नागपुर कांग्रेस का पोद्दारेश्वर मंदिर के सामने भजन सत्याग्रह, जांच की मांग

Nagpur Congress Protest: अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के दान कोष में कथित गड़बड़ी के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर नागपुर शहर कांग्रेस ने शांतिपूर्ण सत्याग्रह व रैली निकाली।
Ram Mandir Donation Fund Controversy: Nagpur Congress holds 'Bhajan Satyagraha' outside Poddareshwar Temple, demands an inquiry.
नागपुर शहर कांग्रेस ने शांतिपूर्ण सत्याग्रह और रैली निकाली (फोटो: नवभारत फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Nagpur Congress Protest Ayodhya Ram Temple: नागपुर अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के दान कोष में कथित गड़बड़ी, चंदा चोरी और धन के दुरुपयोग के आरोपों की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर शहर कांग्रेस ने पोद्दारेश्वर राम मंदिर के सामने शांतिपूर्ण सत्याग्रह किया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने 'रघुपति राघव राजाराम' भजन गाकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। शहर अध्यक्ष प्रफुल्ल गुडधे के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ता पहले मेयो अस्पताल चौक पर एकत्र हुए, वहां से हाथों में मंजीरे और मृदंग लेकर, सिर पर सफेद गांधी टोपी तथा गले में तिरंगा दुपट्टा पहनकर शांतिपूर्ण रैली निकाली गई। रैली पोद्दारेश्वर राम मंदिर पहुंची, जहां सभी ने भगवान श्रीराम के दर्शन कर प्रार्थना की।

सरकार नहीं कर रही अपेक्षित कार्रवाई

गुडघे ने आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर के दान कोष में बड़े पैमाने पर धन का दुरुपयोग हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं कर रही है, बल्कि दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

पुलिस थाना में की गई शिकायत

'रघुपति राघव राजाराम' सत्याग्रह के बाद कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता गणेशपेठ पुलिस थाना पहुंचे, यहां वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक से मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। मांग की गई कि घोटाले की सीबीआई जांच होनी चाहिए।

सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता अतुल लोंढे, राष्ट्रीय सचिव नितिन कुंभलकर, प्रदेश सचिव विजय सरटकर, बंटी शेलके, सुरेश जग्याशी, नयना झाडे, नगरसेवक दीपक पटेल, सुहास नाटवटकर, पृथ्वी मोटघरे, कुमुदिनी गुडघे, प्रशांत ढाकणे, दुर्गेश प्रधान, दिनेश तराले, अभय रणदिवे, राहुल अभंग, रिजवान अंसारी, महेश श्रीवास, अभिषेक ठाकरे, जुल्फिकार भुट्टो सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस सत्याग्रह में फिर शहर कांग्रेस की गुटबाजी सामने आई। मनपा में विपक्ष के नेता तथा कई पार्षद इस आंदोलन से दूर रहे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com