नागपुर सिटी बस स्टॉप अब होंगे दिव्यांग फ्रेंडली; मनपा ने हाई कोर्ट में दिया शपथपत्र, 3 महीने में पूरा होगा काम
Accessibility Bus Stops: नागपुर मनपा ने हाई कोर्ट को 3 माह में शहर के सभी बस स्टॉप को दिव्यांगों के अनुकूल बनाने का आश्वासन दिया है। 237 बस स्टॉप का सर्वे पूरा कर चरणबद्ध सुधार की तैयारी शुरू हो गई है
- Written By: अंकिता पटेल
नागपुर सिटी बस, दिव्यांग सुविधा,(सोर्स- सोशल मीडिया)
Nagpur Barrier Free Transport: नागपुर सिटी बस में विकलांगों के लिए व्यवस्था को लेकर हाई कोर्ट द्वारा दिए गए आदेशों के अनुसार अब मनपा के परिवहन विभाग ने परिवहन व्यवस्थापक के रूप में अति। आयुक्त मिलिंद मेश्राम के जरिए शपथपत्र दिया है जिसमें दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों और शारीरिक रूप से कमजोर लोगों के लिए सार्वजनिक परिवहन को बाधारहित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाए जाने का दावा किया गया।
मनपा ने हाई कोर्ट को आश्वासन दिया है कि शहर के सभी बस स्टॉप को चरणबद्ध तरीके से दिव्यांगों के अनुकूल बनाया जाएगा और इसके लिए 3 महीने का लक्ष्य रखा गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ‘एक्सेसिबिलिटी गाइडलाइंस 2022’ के दिशा निर्देशों के अनुसार परिवहन विभाग के कार्यकारी अभियंता द्वारा शहर के कुल 237 बस स्टॉप का सर्वेक्षण किया गया है।
150 ई-बसों में होगी हाइड्रोलिक लिफ्ट
मनपा ने अदालत को बताया है कि अगले 3 महीनों के भीतर इन बस स्टॉप पर कई आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें विशेष रूप से दिव्यांगों के लिए रैंप, हैंडरेल्स, टैक्टाइल पथ, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (रोशनी), बस स्टॉप पर सूचना बोर्ड और अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग चिह्नों (साइन बोर्ड) की स्थापना शामिल है। सार्वजनिक परिवहन को और अधिक सुलभ और आधुनिक बनाने के लिए ‘प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना’ के तहत शहर के लिए 150 विशेष ई-बसें मंजूर की गई हैं।
सम्बंधित ख़बरें
Gadchiroli News: धानोरा-गड़चिरोली नेशनल हाईवे पर कीचड़ में फंसे दो ट्रक, 4 घंटे तक जाम
Bhandara News: महाराष्ट्र में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, भंडारा में करोड़ों का माल जब्त
अब बुझेगी मुंबई की प्यास, 3065 करोड़ की गारगाई बांध परियोजना को CM फडणवीस की हरी झंडी
Wardha News: साहर PHC के वैद्यकीय अधिकारी पर कर्मचारियों के गंभीर आरोप, जांच समिति गठित
इन सभी बसों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इनमें व्हीलचेयर का उपयोग करने वाले दिव्यांग यात्रियों के लिए ‘हाइड्रोलिक रैंप’ या ‘लिफ्ट’ की सुविधा उपलब्ध है। मनपा ने न्यायालय को जानकारी दी है कि फिलहाल सिटी के नियमित मार्गों पर 75 ई-बसें दौड़ रही हैं, जबकि शेष 75 बसें भी जल्द ही परिवहन बेड़े में शामिल की जाएंगी।
फुटपाथ भी बनेंगे सुरक्षित
भविष्य की योजनाओं को लेकर नागपुर मनपा ने स्पष्ट किया है कि शहर में आगे बनने वाले सभी नए बस स्टॉप पूरी तरह से ‘एक्सेसिबिलिटी गाइडलाइंस-2022’ के मानकों के अनुसार ही विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रशासन द्वारा शहर के सभी फुटपाथों का भी निरीक्षण किया जाएगा और उन्हें दिव्यांगों के लिए अधिक सुलभ और सुरक्षित बनाने की दिशा में उचित कार्यवाही की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-नागपुर NMC महासभा: अमृत-2 में धांधली व 12 जोन का प्रस्ताव; नेता संजय महाकालकर का सत्ता पक्ष पर तीखा हमला
सर्वेक्षण की विस्तृत रिपोर्ट
- 36 बस स्टॉप पर दिव्यांगों के लिए रैंप बनाने का काम पूरा हो चुका है।
- 33 बस स्टॉप पर जगह की कमी के कारण रैंप बनाना तकनीकी रूप से संभव नहीं है।
- 58 बस स्टॉप ऐसे हैं जहां सड़क और बस स्टॉप का स्तर समान है, इसलिए वहां अलग से रैंप की कोई आवश्यकता नहीं है।
- शेष 110 बस स्टॉप पर एक नियुक्त एजेंसी के माध्यम से नए रैंप बनाने का काम जल्द ही हाथ में लिया जाएगा।
