Bhandara News: महाराष्ट्र में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, भंडारा में करोड़ों का माल जब्त
Sakoli Ganja Seizure: भंडारा के साकोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक से 199.560 किलोग्राम गांजा बरामद किया। बिहार और पश्चिम बंगाल के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है।
- Written By: आंचल लोखंडे
भंडारा गांजा तस्करी- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
Bhandara Ganja Smuggling: साकोली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी करने वाली एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक ट्रक से लगभग 199.560 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 299,78,000 आंकी गई है। इस कार्रवाई में ट्रक सहित कुल 21,34,78,000 का माल जब्त किया गया है।
जाल बिछाकर पकड़ा जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई को तड़के करीब 2 से 3 बजे के बीच साकोली पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजनांदगांव से नागपुर की ओर जा रहे एक ट्रक क्रमांक डब्लूबी 23 एफ 8785 में भारी मात्रा में गांजा भरा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सेंदूरवाफा टोल नाका के पास जाल बिछाया और संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की। जांच के दौरान ट्रक में छिपाकर रखा गया 199.560 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही पुलिस ने चालक और क्लीनर को हिरासत में ले लिया।
199 किलो गांजा और ट्रक सहित करोड़ों का माल जब्त
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छपरा, बिहार निवासी पंकज कुमार भूषण यादव (30) और वर्धमान, पश्चिम बंगाल निवासी बापी बादल मालिक (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साकोली थाना में अपराध क्रमांक 606/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8(क), 20(ब) (ii) (क) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में 35 लाख कीमत का ट्रक भी जब्त किया गया है।
सम्बंधित ख़बरें
Amravati News: जल जीवन मिशन में लापरवाही का आरोप, अमरावती जिला परिषद पर उठे सवाल
मुंबई को मिलेगी रफ्तार: नैना क्षेत्र की टाउन प्लानिंग योजनाओं को तुरंत मंजूरी देने के CM फडणवीस के निर्देश
नागपुर मनपा में कचरा संकलन महाघोटाला: डीपीसी बैठक में गूंजा मुद्दा, ठेकेदारों और अफसरों पर कार्रवाई की मांग
Gadchiroli News: धानोरा-गड़चिरोली नेशनल हाईवे पर कीचड़ में फंसे दो ट्रक, 4 घंटे तक जाम
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और गांजा सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नुरुल हसन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निलेश मोरे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी शिवम विसापुरे तथा साकोली के पुलिस निरीक्षक महादेव आचरेकर के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक जितेंद्र राऊत, उपनिरीक्षक किशोर मानकर, अर्जुन बेडवाल, स्वप्नील गोस्वामी, नरेंद्र झलके, सचिन राऊत, टेकचंद बुरडे, गोविद शिंदे, धनविजय गणविर सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है।
