नागपुर में ई-कचरा अभियान को शानदार प्रतिसाद, नागरिकों ने बढ़ाया हाथ; रीसाइक्लिंग को मिला बढ़ावा

Nagpur E-Waste Collection: नागपुर मनपा के ई-कचरा संकलन अभियान को नागरिकों का अच्छा प्रतिसाद मिला। लोगों ने पुराने इलेक्ट्रॉनिक सामान जमा कर स्वच्छता और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने में योगदान दिया।
E-waste campaign in Nagpur receives an overwhelming response; citizens step forward, giving a boost to recycling.
ई-कचरा, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, (सोर्स: नवभारत फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Nagpur Cleanliness Drive: नागपुर महानगर पालिका द्वारा 'पर्यावरण संरक्षण पखवाड़े' के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत ई-कचरा संकलन अभियान को शहरवासियों का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला है। नागरिकों ने अपने घरों तथा कार्यालयों से अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं को कचरे में फेंकने या जमा करके रखने के बजाय मनपा द्वारा बनाए गए ई-कचरा संकलन केंद्रों पर जमाकर महा स्वच्छता मुहिम में अपना अहम योगदान दिया।

मनपा द्वारा पूरे शहर में 21 जून तक की अवधि में 'विशेष स्वच्छता अभियान' चलाया जा रहा है। इसी के अंतर्गत एक विशेष दिन शहर भर से कंप्यूटर के पार्ट्स, केबल वायर और अन्य खराब इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं भारी मात्रा में स्वीकार केंद्रों पर जमा की गईं। इस भारी समर्थन के जरिए शहरवासियों ने शहर को स्वच्छ रखने और पुनर्चक्रण की संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रति अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता को सिद्ध किया है।

सभी जोनों में दिखा उत्साह

गांधीबाग जोन के साने गुरुजी विद्यालय में बनाए गए संकलन केंद्र पर सहायक आयुक्त घनश्याम पंधरे और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में नागरिकों ने ई-कचरा जमा किया। इसी तरह आसीनगर जौन, हनुमाननगर, लकड़गंज, नेहरूनगर, धंतोली, धरमपेठ और लक्ष्मीनगर जोनों के विभिन्न केंद्रों पर भी नागरिकों ने अपने अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जमाकर अपने परिसर को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्य की दृष्टि से सुरक्षित बनाए रखने का संदेश दिया।

शहर में बनाए गए 75 ई-कचरा संकलन केंद्र

नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर में कुल 75 ई-कचरा संकलन केंद्र स्थापित किए गए थे। इनमें मनपा मुख्यालय में 1, 10 जोनल कार्यालयों में, 29 मनपा के अन्य स्थानों में, 25 पुस्तकालयों में और 10 RRR (Reduce, Reuse, Recycle) केंद्रों पर संकलन की व्यवस्था की गई थी।

इसके अतिरिक्त संकलन वाहनों के माध्यम से घर-घर जाकर भी ई-कचरा इकट्ठा किया गया, यह व्यापक अभियान महापौर नीता ठाकरे, उपमहापौर लीला हाथीबेड, मनपा आयुक्त डॉ. विर्णन इटनकर सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों व अधिकारियों के कड़े निर्देशों के तहत चलाया गया। इस मुहिम में घनकचरा प्रबंधन विभाग के सफाई कर्मचारियों के साथ-साथ विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों के स्वयंसेवकों ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com