

Nagpur Gorewada Zoo Safari: नागपुर जिले के गोरेवाड़ा जू सफारी में वर्चस्व को लेकर 2 तेंदुओं के बीच भीषण लड़ाई हुई। इस लड़ाई में एक तेंदुए की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। ताज्जुब की बात यह कि वन विभागभी नहीं समझ पाया कि यह लड़ाई सफारी के अंदर मौजूद तेंदुओं में हुई थी कि बाहरी तेंदुए ने घुसपैठ की थी। मिली जानकारी के अनुसार रविवार की दोपहर बालासाहब ठाकरे गोरेवाड़ा अंतरराष्ट्रीय प्राणी संग्रहालय में जू सफारी नियमित रूप से संचालित हो रही थी।
इस बीच लेपर्ड सफारी में अचानक 2 वयस्क तेंदुओं में लड़ाई हो गई। सफारी क्षेत्र के नियमित निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों ने 2 नर तेंदुओं को आक्रामक रूप से लड़ते हुए पाया। दोनों तेंदुए एक-दूसरे पर पंजों और दांतों से घातक वार करने लगे।
काफी देर तक चली इस लड़ाई के बाद एक तेंदुए ने दम तोड़ दिया। वहीं प्रतिद्वंद्वी तेंदुआ बुरी तरह जख्मी हो गया। इस घटना के बाद गोरेवाड़ा जू में हड़कंप मच गया। गोरेवाड़ा की टीम ने जख्मी तेंदुए की तलाश शुरू कर दी थी।
करीब 5 वर्षों से गोरेवाड़ा जू सफारी में नर और मादा तेंदुए मौजूद हैं। विशेषज्ञों के अनुसार सफारी में मौजूद तेंदुओं में इस तरह की लड़ाई नहीं होती, वहीं गोरेवाड़ा जू प्रबंधन का दावा है कि इस लड़ाई में बाहरी तेंदुए की घुसपैठ हुई होगी लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। चर्चा है कि इस लड़ाई में निश्चित रूप से बाहरी तेंदुए ने घुसपैठ की है। गोरेवाड़ा जू के अधिकारी और कर्मचारी ड्रोन और अन्य साधनों की मदद से जख्मी तेंदुए की तलाश कर रहे थे।