पलक झपकते ही नाले में समाया दो मंजिला घर! मलबे में तब्दील हुआ आशियाना, बाल-बाल बचा परिवार

Borgaon House Collapse: नागपुर के बोरगांव में नाले की दीवार धंसने से दो मंजिला मकान का पिछला हिस्सा नाले में गिर गया। हादसे के वक्त परिवार घर में मौजूद था, लेकिन सभी सुरक्षित बच गए।
House collapses into a drain in the blink of an eye in Nagpur
नागपुर में पलक झपकते नाले में ढह गया घरफोटो सोर्स- नवभारत
Updated on

Nagpur Borgaon Drain House Collapse: नागपुर शहर के गिट्टीखदान थाना क्षेत्र के बोरगांव में सोमवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नाले से सटे एक दो मंजिला मकान का पिछला हिस्सा अचानक ढहकर नाले में जा गिरा। हादसे के समय परिवार घर के भीतर मौजूद था, लेकिन गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नाले की दीवार के पास मिट्टी का कटाव होने के कारण दीवार कमजोर हुई और देखते ही देखते ढह गई। दीवार के सहारे मकान के पिछले हिस्से का पिलर भी खड़ा था। दीवार गिरते ही पिलर ने भी साथ छोड़ दिया और मकान का पिछला हिस्सा मलबे के साथ नाले में जा गिरा।

रात करीब 9.30 बजे अचानक भरभरा कर गिरा मकान

जानकारी के अनुसार, बोरगांव की वेलकम सोसाइटी में अब्दुल मुनाफ का मकान है। मकान के ठीक पीछे नाला बहता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के कारण नाले के किनारे की मिट्टी लगातार बह रही थी। इससे नाले की दीवार कमजोर हो गई थी।

सोमवार रात करीब 9.30 बजे अचानक नाले की दीवार धंस गई। दीवार के सहारे बना मकान का पिलर भी इसकी चपेट में आ गया। कुछ ही पलों में मकान का पिछला हिस्सा भरभरा कर नाले में गिर गया। मकान का हिस्सा गिरने के दौरान हुई जोरदार आवाज से आसपास के लोग घबरा गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। मौके का मंजर देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

घर में मौजूद था परिवार, फिर भी टला बड़ा हादसा

सबसे राहत की बात यह रही कि घटना के समय मुनाफ का परिवार घर में ही मौजूद था, लेकिन किसी को चोट नहीं आई। यदि मकान का ढहता हिस्सा घर के दूसरे हिस्से की ओर गिरता तो हादसा कहीं अधिक गंभीर हो सकता था। घटना के बाद परिवार के जरूरी घरेलू सामान को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

मनपा आयुक्त समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और नागपुर मनपा की टीम मौके पर पहुंची। मनपा आयुक्त ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।

अधिकारियों ने मकान के क्षतिग्रस्त हिस्से और नाले की स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

नाले में पड़ा है मकान का मलबा

मकान का पिछला हिस्सा ढहने के बाद बड़ी मात्रा में मलबा नाले में जा गिरा। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नाले से मलबा हटाने की कार्रवाई अभी शुरू नहीं हुई थी।

मलबे के कारण नाले का प्रवाह प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे में बारिश होने पर स्थिति और बिगड़ सकती है। स्थानीय नागरिकों ने नाले की दीवार और आसपास के मकानों की सुरक्षा की जांच कराने की मांग की है।

बारिश में मिट्टी कटाव ने बढ़ाई चिंता

इस घटना ने नालों के किनारे बने मकानों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बारिश के दौरान नाले के किनारे मिट्टी का कटाव होने से दीवारों और नींव पर दबाव बढ़ सकता है।

बोरगांव की घटना में भी प्रारंभिक तौर पर मिट्टी कटाव को दीवार कमजोर होने की वजह माना जा रहा है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि संबंधित विभाग की जांच के बाद ही होगी।

House collapses into a drain in the blink of an eye in Nagpur
Air India में टर्बुलेंस, IndiGo में इंजन फेल, स्पाइसजेट में तकनीकी खराबी, फ्लाइट दें रही बड़े हादसे को न्योता

बड़ा सवाल: नाले किनारे मकानों की सुरक्षा कौन देखेगा?

नागपुर में बारिश के दौरान नालों के किनारे मिट्टी कटने और जलप्रवाह बढ़ने की घटनाएं चिंता बढ़ाती रही हैं। बोरगांव का हादसा भी इसी खतरे की ओर इशारा करता है। राहत की बात है कि इस बार किसी की जान नहीं गई, लेकिन मकान का बड़ा हिस्सा नाले में गिरने से नाले से सटे दूसरे घरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता पैदा हो गई है।

प्रशासन के लिए अब जरूरी है कि नाले की दीवार, मिट्टी के कटाव और आसपास बने मकानों की स्थिति का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

Navbharat Live
navbharatlive.com