

Nagpur Outer Ring Road Robbery: नागपुर के बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में लिफ्ट मांगने के बहाने 2 लुटेरे कार चालक को आउटर रिंग रोड पर ले गए। वहां चाकू की नोक पर उससे कार और 2 लाख रुपये नकद लूट लिये।
फिर ड्राइवर को वहीं छोड़कर आरोपी कार ले भागे लेकिन पेट्रोल खत्म हो जाने के कारण कार को वर्धा रोड पर छोड़कर भाग निकले। त्रिमूर्तिनगर निवासी अनमोल संतोष धामेचा कार चालक हैं।
आंबेडकर चौक निवासी राजेश चेलानी ने अपनी कार क्र. एम.एच.49-ए.एस.6923 पड़ोस में रहने वाले अपने दोस्त को दी थी। अनमोल उनके दोस्त के यहां काम करते हैं। शनिवार की शाम अनमोल कार से बेसा के एक स्टोर में गए थे।
वहां से लौटते समय बेसा चौक के समीप 2 लोगों ने उनसे लिफ्ट मांगा। कुछ दूर जाने के बाद आरोपियों ने अनमोल को धमकाकर आउटर रिंग रोड पर चलने को कहा। वहां पहुंचने पर आरोपियों ने चाकू निकाल लिया।
अनमोल को डरा-धमकाकर कार से नीचे उतार दिया और वाहन लेकर फरार हो गए। वाहन में 2 लाख रुपये नकद रखें थे। आरोपियों के भागते ही अनमोल ने घटना की जानकारी अपने मालिक को दी।
आरोपी आउटर रिंग रोड से वापस शहर की तरफ आए लेकिन एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन के पास ठाकुर रेस्टोरेंट के सामने गाड़ी का पेट्रोल खत्म हो गया। आरोपी वहीं पर कार छोड़कर भाग निकले।
अनमोल ने घटना की जानकारी बेलतरोड़ी पुलिस को दी। रात 8 बजे सोनेगांव ट्रैफिक जोन के जामर वाहन ने सड़क पर कार खड़ी देखी। अनाउंसमेंट करने के बाद भी कोई नहीं आया। पुलिस ने मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए कार के मालिक राजेश का नंबर निकाला।
उन्हें फोन करने पर लूटपाट की वारदात का पता चला। बेलतरोडी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार जब्त की। आरोपियों की तलाश जारी थी। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही थी।