नागपुर के पंचशील चौक पर बड़ा हादसा टला! आपली बस ने स्कूली बच्चों की वैन को मारी जोरदार टक्कर; 4 छात्राएं घायल

Nagpur School Van Accident: नागपुर के पंचशील चौक पर आपली बस ने स्कूली बच्चों से भरी वैन को टक्कर मार दी। हादसे में 4 छात्राएं मामूली रूप से घायल हुईं, जबकि बड़ा हादसा टल गया।
Major accident averted at Nagpur's Panchsheel Square! 'Aapli Bus' rams into a school van; 4 female students injured.
नागपुर, स्कूल वैन, आपली बस, सड़क हादसा,(साेर्स: नवभारत फाइल फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Nagpur Aapli Bus Road Accident: नागपुर जिले में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के दूसरे ही दिन शहर के पंचशील चौक पर सुबह एक बड़ा हादसा होते होते रह गया। नागपुर महानगरपालिका की आपली बस (एमएच 40/बीसी-410) ने स्कूली बच्चों से भरी एक वैन (एमएच49/बीजेड-6610) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वैन में सवार 4 छात्रायें मामूली रूप से घायल हो गई।

स्कूल वैन को आपली बस की टक्कर

सुबह सुबह हुई दुर्घटना की आवाज से परिसर में हड़कंप मच गया और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7:15 बजे पंचशील सिनेमा हाउस के पास हुआ।

सेंट उर्सुला स्कूल की वैन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान आपली बस ने वैन को अपनी चपेट में ले लिया। बस की टक्कर सामान्य से अधिक होने के बाद वैन का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वैन के अंदर बैठे बच्चे सीटों से नीचे गिर पड़े और घबरा गए।

हादसे से मची अफरा-तफरी

सूचना मिलते ही सीताबर्डी पुलिस मौके पर पहुंची। जख्मी छात्राओं को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की स्थिति ठीक है और स्थिर है। हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के अभिभावक हॉस्पिटल और घटनास्थल पर पहुंच गए।

अपने बच्चों के साथ हुए हादसे से परिजन काफी चिंतित और आक्रोशित नजर आए। सभी का कहना रहा कि सुबह के समय स्कूल वाहनों की अधिक आवाजाही रहती है।

ऐसे में सार्वजनिक परिवहन वाहनों की गति पर विशेष नियंत्रण रखा जाना चाहिए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात व्यवस्था भी सुचारु की। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com