

Highlights:
अगले एग्रोविजन से पहले कम से कम 5,000 किसानों तक एआई तकनीक पहुंचाने का लक्ष्य।
कृषि की उत्पादन लागत घटाने और उत्पादन बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर।
किसानों के साथ धोखाधड़ी रोकने के लिए किसान संरक्षण आयोग और फास्ट ट्रैक अदालतों की मांग।
घर, खेत और गांव का पानी उसी स्थान पर रोकने तथा जल भंडारण बढ़ाने का गडकरी का आह्वान।
Agriculture Exhibition Nagpur: केंद्रीय मंत्री व एग्रोविजन के मुख्य प्रवर्तक नितिन गडकरी ने कहा कि सिंचाई की कमी, कपास की बढ़ती उत्पादन लागत और किसानों की आर्थिक समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से 16 वर्ष पहले एग्रोविजन की शुरुआत की गई थी, कृषि की उत्पादन लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग आवश्यक है। अगले एग्रोविजन से पहले कम से कम 5,000 किसानों तक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
आज किसान केवल अन्नदाता ही नहीं बल्कि ऊर्जादाता, ईधनदाता और हाइड्रोजनदाता भी बने, यह सपना उन्होंने उस समय देखा था लेकिन आज इस सपने को साकार होता देख संतोष हो रहा है। किसानों को प्रशिक्षण, ज्ञान और आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराकर उनका आत्मविश्वास बढ़ाना ही एग्रोविजन का उद्देश्य है। किसानों के बच्चों को रोजगार मिले और किसी भी किसान के सामने आत्महत्या जैसी नौबत न आए, इसके लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। वे कृषि प्रदर्शनी 'एग्रोविजन 2026' व जल सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मंच पर मृदा व जल संधारण मंत्री संजय राठौड़, कृषि राज्य मंत्री आशीष जायसवाल, पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार, आईसीआरआईसैट के महानिदेशक डॉ. हिमांशु पाठक, डॉ. पंजाबराव देशमुख कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ.शरद गडाख, राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय एवं माफसू की कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर, एग्रोविजन सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. सीडी मायी, आयोजन सचिव रवि बोरटकर एवं रमेश मानकर उपस्थित थे।
मुनगंटीवार ने एग्रोविजन की 17 वर्षों की यात्रा की सराहना की। उन्होंने किसानों के साथ होने वाली धोखाधड़ी रोकने के लिए किसान संरक्षण आयोग की स्थापना करने तथा किसानों की समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों की व्यवस्था करने की मांग की। इस दौरान गडकरी की संकल्पना से गन्ने की खेती एवं प्रसंस्करण पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया गया, कार्यक्रम में कृपाल तुमाने, विधायक राजीव पोतदार, संजय भेंडे, परिणय फुके, चरण सिंह ठाकुर, संजय मेश्राम, महिंद्रा एंड महिंद्रा के फार्म डिवीजन के सीईओ हर्ष कुमार, महाराष्ट्र जल संसाधन नियामक प्राधिकरण की अध्यक्ष श्वेताली ठाकरे, नागपुर विवि के प्र-कुलगुरु डॉ. अखिलेश पेशवे, कैप्टन डॉ. एलबी कलंत्री, सुधीर दिवे, आनंदराव राऊत, डॉ.पिनाक दंदे, नितिन कुलकर्णी सहित अन्य उपस्थित थे।
एग्रोविजन राष्ट्रीय कृषि प्रदर्शनी 27 से 30 नवंबर तक प्रति दिन सुबह 11 से शाम 6 बजे तक सभी के लिए खुली रहेगी। दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक किसानों के लिए विभिन्न कार्यशालाओं का आयोजन किया गया है। पहले ही दिन यहां लगे हर एक स्टॉल पर किसानों के साथ अन्य लोगों की भीड़ नजर आई। 28 नवंबर को सुबह 11 बजे 'सूखे की स्थिति में पशु पालन एवं चारे का नियोजन' विषय पर विशेष कार्यशाला व दोपहर 2 बजे 'बायोचार एवं जैविक घटकों के माध्यम से मिट्टी में कार्बन का सुधार' विषय पर विशेष कार्यशाला होगी।
जायसवाल ने कहा कि एग्रोविजन किसानों की प्रगति का इंजन साबित हुआ है। इस पहल ने नकारात्मकता को सकारात्मकता में बदलने का काम किया है। तामसवाड़ा मॉडल ने जल संरक्षण के कार्यों को नई प्रेरणा दी है। राज्य में बड़े पैमाने पर नाला गहरीकरण और जल संधारण के कार्य शुरू हैं। तिरपाल से बनाए गए अस्थायी बांधों के प्रयोग से गेहूं की फसल को काफी लाभ हुआ है।
गडकरी ने कहा कि घर का पानी घर में, खेत का पानी खेत में और गांव में होने वाली बारिश का पानी उसी गांव में संग्रहित करने की योजना बननी चाहिए। पानी की एक भी बूंद बर्बाद नहीं होनी चाहिए, प्रत्येक बूंद को संजोकर जल भंडारण बढ़ाना आवश्यक है। गडकरी ने बताया कि बिहार सरकार ने नदी से गाद निकालकर उसका उपयोग सड़क निर्माण के लिए बिना रॉयल्टी करने की अनुमति देने संबंधी शासनादेश जारी किया है।
अमरावती रोड स्थित राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज विश्वविद्यालय के मैदान पर आयोजित समारोह में जल सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए मंत्री राठौड़ ने कहा कि कृषि का उज्वल भविष्य बनाने के लिए नए-नए प्रयोगों और जल संरक्षण को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
सरकार की ओर से अनेक बांध बनाए जाते हैं लेकिन उचित देखभाल के अभाव में उनकी जल संग्रहण क्षमता कम हो जाती है, इसलिए किसानों को इन बांधों के संरक्षण की जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए और नियमित रूप से उनकी देखभाल करनी चाहिए, उन्होंने गडकरी से अनुरोध किया कि बिहार सरकार के साथ जल संरक्षण कार्यों के लिए जिस प्रकार समझौता किया गया है वैसा ही समझौता महाराष्ट्र सरकार के साथ भी किया जाए।