Advantage Vidarbha: विदर्भ को मिला इंटरनेशनल एक्सपोजर, 23 देशों और 42,000 करोड़ के MoU के साथ हुआ भव्य समापन
Khasdar Industrial Festival: एडवांटेज विदर्भ का भव्य समापन। ₹42,000 करोड़ के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर। 23 देशों के राजदूतों की मौजूदगी में विदर्भ को मिला ग्लोबल एक्सपोजर।
- Written By: प्रिया जैस
एडवांटेज विदर्भ में निवेश (सौजन्य-नवभारत)
Advantage Vidarbha 2026 Investment: नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने संतोष व्यक्त किया कि इस वर्ष आयोजित ‘एडवांटेज विदर्भ – खासदार औद्योगिक महोत्सव’ के माध्यम से विदर्भ को व्यापक अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। 3 दिनों में ₹42,000 करोड़ के समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर, 23 देशों के राजदूतों तथा अंतरराष्ट्रीय उद्योग प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने इस उपलब्धि को और सशक्त किया।
वे एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट द्वारा आयोजित महोत्सव के तीसरे संस्करण के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। महोत्सव में 25 तकनीकी सत्र, 250 मार्गदर्शक, 5500 से अधिक प्रतिनिधि, विभिन्न देशों के राजदूत तथा 52 बिजनेस-टू-बिजनेस बैठकें आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि ‘एडवांटेज विदर्भ-खासदार औद्योगिक महोत्सव’ के अंतर्गत वर्षभर गतिविधियां संचालित करने के लिए आगामी मई माह में एआईडी का पूर्णकालिक कार्यालय प्रारंभ किया जाएगा।
शुरू की जाएंगी 135 नई ई-बसें
सेक्टर-आधारित दृष्टिकोण अपनाने की सलाह देते हुए गडकरी ने निर्देश दिए कि विदर्भ के 25 विशिष्ट औद्योगिक क्षेत्रों की पहचान कर उन पर केंद्रित कार्य किया जाए। निकट भविष्य में फ्लैश-चार्जिंग तकनीक से सुसज्जित 135 नई ई-बसें शुरू की जाएंगी जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी। साथ ही अगले 3 वर्षों में नागपुर शहर को पाइपलाइन के माध्यम से गैस आपूर्ति उपलब्ध कराने का उल्लेख भी किया।
सम्बंधित ख़बरें
43 दिनों तक कैसे फरार रही निदा खान और सुरक्षित ठिकाने की पुलिस को कैसे लगी भनक? पढ़ें ग्राउंड रिपोर्ट
पिंपरी-चिंचवड़ में बुजुर्गों की उपेक्षा पर होगी सख्त कार्रवाई, पुलिस आयुक्त ने जारी किए निर्देश
पिंपरी-चिंचवड़ मनपा की डिजिटल व्यवस्था फेल, करोड़ों खर्च के बाद भी कागजी फाइलों पर निर्भर प्रशासन
फ्लेमिंगो आवास को लेकर विवाद तेज, नवी मुंबई-ठाणे की झीलों को वेटलैंड मानने पर वन विभाग की आपत्ति
इससे पूर्व केंद्रीय एमएसएमई राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा कि केंद्रीय मंत्री गडकरी के मार्गदर्शन में एआईडी जैसी संस्था ने विदर्भ के औद्योगिक परिदृश्य का स्वरूप बदल दिया है। उन्होंने प्रदर्शनी में 100 एमएसएमई स्टॉलों की उपस्थिति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि देशभर में 33 करोड़ से अधिक उद्यमियों ने एमएसएमई पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराया है तथा भारत के निर्यात में एमएसएमई का योगदान 45 प्रतिशत है।
उनका मंत्रालय नई तकनीकों के प्रशिक्षण हेतु कौशल विकास को प्राथमिकता दे रहा है और 2026 के केंद्रीय बजट में सरल सब्सिडी तंत्र की व्यवस्था की गई है। विपणन को एक प्रमुख चुनौती बताते हुए उन्होंने ब्रांडिंग में सुधार पर बल दिया और उत्पादकों को निर्यात-गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाने की सलाह दी।
₹5.5 करोड़ का वित्तपोषण प्राप्त हुआ
इस अवसर पर राज्य मंत्री पंकज भोयर ने ‘एडवांटेज विदर्भ’ की टीम की सराहना करते हुए गडकरी के दृष्टिकोण को साकार करने के प्रयासों की प्रशंसा की। महोत्सव की अभूतपूर्व सफलता के लिए एआईडी के अध्यक्ष आशीष काले ने अपने प्रास्ताविक भाषण में विदर्भ की जनता का आभार व्यक्त किया। 22 छात्रों के नवाचार विचारों को ₹5.5 करोड़ का वित्तपोषण प्राप्त हुआ।
उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले वर्ष यह आयोजन और भी बड़े स्तर पर किया जाएगा। संचालन आसावरी देशपांडे और आभार प्रदर्शन एआईडी के सचिव डॉ. विजय शर्मा ने किया।
लेटर ऑफ इंटेंट, समझौते एवं सम्मान
समापन कार्यक्रम के दौरान एड-टेक क्षेत्र में ‘लर्न कोच’ और एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट के अंतर्गत लर्निंग स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। यह घोषणा की गई कि सुनील फेरो एंड इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड विदर्भ में ₹5000 करोड़ का निवेश करेगी जिससे लगभग 1500 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
इसके अलावा, आरोहा हॉस्पिटैलिटी और महिंद्रा सिग्नेचर के बीच फाइव-स्टार रिसॉर्ट के विकास हेतु एक समझौता ज्ञापन किया गया। साथ ही, एमएमआरडीए के सहयोग से ₹1200 करोड़ के निवेश के लिए वीआईपीएल के प्रशांत उगेमुगे का सम्मान किया गया।
यह भी पढ़ें – मानकापुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स: टपकती छत, उखड़ता ट्रैक, ऐसे कैसे नागपुर बनेगा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स हब?
ग्रेटा एनर्जी लिमिटेड के अनूप गोयल को ₹2000 करोड़ के निवेश हेतु विशेष सम्मान प्रदान किया गया। नागपुर की प्रथम नागरिक महापौर नीता ठाकरे एवं उपमहापौर लीला हाथीबेड का सम्मान केंद्रीय मंत्री करंदलाजे द्वारा किया गया, जबकि नरेंद्र बोरकर का सम्मान केंद्रीय मंत्री गडकरी ने किया।
गड़चिरोली के छात्र ऑस्ट्रेलिया रवाना
गड़चिरोली जिले के 18 छात्र माइनिंग एवं मेटलर्जी इंजीनियरिंग की शिक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया स्थित कर्टिन विश्वविद्यालय के लिए रवाना होंगे। गडकरी ने इन छात्रों को बोर्डिंग पास प्रदान किए।
कार्यक्रम में उपस्थिति
कार्यक्रम में लॉयड्स मेटल्स के प्रबंध निदेशक बालसुब्रमण्यम प्रभाकरन, डीआरडीओ के पूर्व महानिदेशक पद्मश्री डॉ. वीके सारस्वत, जिलाधिकारी विपिन इटनकर, प्रबंध निदेशक श्रवण हार्डिकर, टाटा स्टील के उपाध्यक्ष डीबी सुब्रह्मण्यम, निखिल मुंडले, आईआईएम के निदेशक डॉ. भीमराया मेत्री, एआईडी के उपाध्यक्ष गिरधारी मंत्री एवं प्रणव शर्मा, कोषाध्यक्ष राजेश बागड़ी तथा सदस्य प्रशांत उगेमुगे, राजेश रोकड़े, रवींद्र बोरटकर, महेंद्र क्षीरसागर, निखिल गडकरी, अविनाश घुशे, विनोद तांबी, महेश साधवानी, संजय गुप्ता, अशोक गोयल, शिवकुमार राव, अजय कपूर, अजय मृग, प्रसन्न मोहिले, निर्भय संचेती, अनूप खंडेलवाल और प्रसन्न देशपांडे सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे।
