ट्रेन में इलेक्ट्रिक केतली में मैगी पकाना पड़ा भारी! रेलवे शुरू की महिला की तलाश, होगी कार्रवाई

Train Maggi Viral Video: ट्रेन के एसी कोच में महिला द्वारा इलेक्ट्रिक केतली से नूडल्स पकाने का वीडियो वायरल होने पर मध्य रेलवे ने इसे सुरक्षा खतरा बताया। इस मामले में रेलवे ने कार्रवाई की तैयारी की।
Woman cooks noodles in electric kettle on train viral video Central Railway takes action
ट्रेन में इलेक्ट्रिक केतली में मैगी पकाती महिला (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Train Maggi Viral Video Central Railway Action: एक एक्सप्रेस ट्रेन के वातानुकूलित (एसी) कोच में एक महिला यात्री द्वारा इलेक्ट्रिक केतली में नूडल्स पकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होते ही रेलवे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

मध्य रेलवे ने इस घटना को अत्यंत खतरनाक बताते हुए महिला की पहचान कर ली है और उसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि महिला को खोजने के प्रयास जारी हैं और उस पर रेलवे अधिनियम की धारा 147(1) के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

इलेक्ट्रिक केतली में बनाई थी मैगी

वीडियो में दिखाई देता है कि महिला इलेक्ट्रिक केतली को मोबाइल चार्जिंग सॉकेट में लगाती है और उसके जरिए नूडल्स पका रही है। वीडियो में महिला मराठी भाषा में कहती है कि इसी तरीके से वह 10-15 लोगों के लिए चाय भी बना चुकी है। यह क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यात्रियों की सुरक्षा, आग लगने के जोखिम और ट्रेन के एसी सिस्टम पर असर पड़ने जैसी चिंताएं गहरी हो गईं।

रेलवे ने इसे बताया खतरनाक

मध्य रेलवे ने इस तरह की हरकत को अवैध, असुरक्षित और दंडनीय बताया है। रेलवे के अनुसार, इलेक्ट्रिक केतली जैसे उच्च क्षमता वाले उपकरण ट्रेन में आग लगने की बड़ी घटना का कारण बन सकते हैं। इससे न सिर्फ यात्रियों की जान को खतरा होता है, बल्कि एसी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक पोर्ट की विद्युत आपूर्ति में भी गंभीर बाधा उत्पन्न हो सकती है।

रेलवे ने उन सोशल मीडिया चैनलों पर भी कार्रवाई शुरू की है, जिन्होंने वीडियो पोस्ट किया था। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे खतरनाक कृत्य यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती पैदा करते हैं और इन्हें किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मध्य रेलवे ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रेन में किसी भी संदिग्ध या खतरनाक गतिविधि की तुरंत सूचना रेलवे अधिकारियों को दें ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारु बनी रहे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com