जोगेश्वरी जंक्शन, नई हार्बर लाइन और 15 डिब्बों वाली लोकल से बदलेगी मुंबई की रेल व्यवस्था
Western Railway Mumbai Project: जनवरी 2027 से जोगेश्वरी जंक्शन से लंबी दूरी की ट्रेनें चलेंगी। गोरेगांव-बोरीवली हार्बर लाइन, नए एस्केलेटर, लिफ्ट और 15 डिब्बों वाली लोकल से यात्रियों को राहत मिलेगी।
- Written By: सूर्यप्रकाश मिश्र | Edited By: आलोक उमाकृष्ण
मुंबई रेल परियोजना को लेकर हुई बैठक (फोटो नवभारत)
Western Railway Mumbai Project Jogeshwari Junction: पश्चिम रेलवे के यात्रियों के लिए राहत वाली खबर है। महाराष्ट्र के साथ-साथ अन्य राज्यों के लिए चलने वाली ट्रेनों के लिए अहम माने जाने वाले जोगेश्वरी जंक्शन का काम तेजी से चल रहा है।
जनवरी 2027 से यहां से बाहर गांव के लिए ट्रेनें शुरू हो जाएंगी। यह जानकारी मुंबई उत्तर पश्चिम के सांसद रविंद्र वायकर के साथ हुई बैठक में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने दी है।
जोगेश्वरी जंक्शन बनेगा मल्टी मॉडल हब
पश्चिम रेलवे मार्ग पर मुंबई सेंट्रल एवं बांद्रा टर्मिनस से लंबी दूरी की ट्रेनों के दबाव को कम करने के लिए जोगेश्वरी जंक्शन को विकसित किया जा रहा है। जनवरी 2027 से यहां से इंटरसिटी और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन शुरू होगा। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए कार पार्किंग और दोपहिया वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई: एसटी महामंडल के भूमि विकास को मिलेगी गति, पीपीपी नीति से छूट देने को मंत्रिमंडल की मंजूरी
महाराष्ट्र सरकार की पहल से गहरे समुद्र में हो सकेगा संपर्क, BSNL के साथ मछुआरों के लिए सैटेलाइट फोन योजना
राम मंदिर दानराशि विवाद पर हर्षवर्धन सपकाल ने सरकार पर हमला कर कहा- RSS साहस दिखाए, दोषियों को निष्कासित करे
Amravati News: अमरावती में भाजपा किसान मोर्चा की बैठक, किसान हित के मुद्दों पर हुई चर्चा
इसके अलावा आर्थिक और तकनीकी रूप से संभव होने पर यहां मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी के तहत आवागमन के अन्य साधनों के साथ होटल और मॉल की सुविधा भी चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी। इससे यात्रियों को एक ही जगह पर रेल, सड़क और अन्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
पश्चिम उपनगरों के लिए अन्य बड़े ऐलान
बैठक में पश्चिम उपनगरों की रेल सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। इनमें गोरेगांव से बोरीवली हार्बर लाइन का काम पश्चिम रेलवे पर तेजी से हो रहा है। जीएम के अनुसार ने यह प्रोजेक्ट मार्च 2029 तक पूरा कर लिया जाएगा। इस लाइन के शुरू होने से पश्चिम उपनगर के लाखों यात्रियों को हार्बर लाइन से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और ट्रांसपोर्ट का समय काफी कम हो जाएगा।
अंधेरी रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाएं
अंधेरी स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए एक नई लिफ्ट लगाने का काम अक्टूबर 2026 तक पूरा होगा। इसके साथ ही दो और एस्केलेटर लगाने को मार्च 2026 में मंजूरी मिल गई है। इससे प्लेटफॉर्म बदलने में बुजुर्गों और दिव्यांगों को काफी सहूलियत होगी।
जोगेश्वरी स्टेशन पर नया एस्केलेटर
जोगेश्वरी स्टेशन पर भी भीड़ को कम करने के लिए एक और एस्केलेटर लगाने की मंजूरी मार्च 2026 में दी गई है। अभी स्टेशन पर सीमित एस्केलेटर होने के कारण पीक आवर्स में काफी दिक्कत होती है।
सांसद वायकर ने जताया आभार
बैठक के बाद सांसद रविंद्र वायकर ने कहा कि मुंबई की लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनों में रोजाना लाखों लोग सफर करते हैं। जोगेश्वरी जंक्शन के शुरू होने से लोकमान्य तिलक टर्मिनस और दादर पर ट्रेनों का बोझ कम होगा और यात्रियों को पश्चिम उपनगर से ही सीधी ट्रेनें मिल जाएंगी।
उन्होंने कहा कि गोरेगाव-बोरीवली हार्बर लाइन, अंधेरी और जोगेश्वरी में एस्केलेटर-लिफ्ट जैसे काम समय पर पूरे हों, इसके लिए लगातार फॉलोअप किया जाएगा। पश्चिम रेलवे ने जो समय-सीमा तय की है उसके अनुसार काम हों, यह सुनिश्चित किया जाएगा।
यह भी पढ़ेः- मुंबई: एसटी महामंडल के भूमि विकास को मिलेगी गति, पीपीपी नीति से छूट देने को मंत्रिमंडल की मंजूरी
बढ़ेंगी 15 डिब्बा लोकल
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन सभी प्रोजेक्ट्स का मकसद मुंबई की रेल व्यवस्था को आधुनिक, तेज और यात्री-मित्र बनाना है। मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी से न सिर्फ सफर आसान होगा बल्कि आसपास के इलाके में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। पश्चिम रेलवे पर 15 डिब्बे की लोकल बढ़ाने के लिए चर्चगेट से विरार तक स्टेशनों के प्लेटफॉर्म विस्तार का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
