मुंबई में हीट वेव का खतरा, पारा 40 डिग्री के पार, IMD ने ठाणे-पालघर समेत इन इलाकों के लिए जारी किया येलो अलर्ट
Mumbai Heat Wave Alert March 2026: मुंबई और आसपास के इलाकों में 9 मार्च को हीट वेव का येलो अलर्ट जारी। तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने से प्रशासन ने नागरिकों को सावधान किया है।
- Written By: अनिल सिंह
Mumbai Heat Wave Alert March 2026 प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स AI)
IMD Yellow Alert Mumbai: मुंबई में मार्च की शुरुआत के साथ ही सूरज ने अपने कड़े तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार, 9 मार्च 2026 को मायानगरी और आसपास के उपनगरों में भीषण गर्मी का प्रकोप देखा जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें अलग-अलग स्थानों पर हीट वेव और अत्यधिक उमस की चेतावनी दी गई है। राजस्थान के ऊपर बने एक ‘एंटी-साइक्लोन’ के कारण चलने वाली गर्म हवाओं ने कोंकण तट के तापमान को सामान्य से काफी ऊपर पहुंचा दिया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, सप्ताह की शुरुआत ही पसीने छुड़ाने वाली गर्मी से हुई है। जहां मुंबई के उपनगरों में पारा 38.9 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, वहीं ठाणे और नवी मुंबई जैसे इलाकों में तापमान 40 डिग्री के आंकड़े को पार कर गया है। आने वाले दिनों में गर्मी के और प्रचंड होने की आशंका है, जिससे अप्रैल और मई की तपिश का अहसास अभी से होने लगा है।
राजस्थान का ‘एंटी-साइक्लोन’ बना मुख्य कारण
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान में राजस्थान के ऊपर एक शक्तिशाली एंटी-साइक्लोन बना हुआ है। इसके प्रभाव से शुष्क और गर्म हवाएं पूर्व की दिशा से मुंबई और एमएमआर (MMR) क्षेत्र की ओर बह रही हैं। मौसम विशेषज्ञ राजेश कपड़िया के अनुसार, जब तक यह सिस्टम अरब सागर की ओर नहीं खिसकता, तब तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। कल्याण-डोंबिवली जैसे दूरदराज के उपनगरों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है।
सम्बंधित ख़बरें
सुनेत्रा का मास्टर स्ट्रोक: राकांपा में जिम्मेदारी का बंटवारा, पार्थ को मुंबई-दिल्ली, जय संभालेंगे पुणे
नागपुर: भारत दुर्गा मंदिर का भव्य भूमि पूजन, मोहन भागवत और गडकरी की मौजूदगी में बागेश्वर बाबा ने दिया बड़ा बयान
मीरा-भाईंदर: टेंबा अस्पताल में एक्सपायरी दवाओं का बड़ा घोटाला उजागर, मंत्री सरनाईक का सख्त एक्शन
भंडारा: मलेरिया के विरुद्ध जंग में बड़ी जीत, 70 हजार नमूनों की जांच में एक भी स्थानीय मरीज नहीं मिला
ये भी पढ़ें- उतर गया बीजेपी का ‘मराठी मुखौटा’, श्मशान में गुजराती रशीद पर शिवसेना UBT का सामना में प्रहार
सेहत पर मंडराता खतरा और डॉक्टरों की सलाह
अचानक बढ़ी इस तपिश ने स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को भी जन्म दिया है। चिकित्स्कों के मुताबिक तापमान में इस तरह का उछाल अस्थमा और सांस के मरीजों के लिए घातक हो सकता है। गर्मी से बचने के लिए लोग अक्सर सड़क किनारे मिलने वाले ठंडे पेय और खुले खाद्य पदार्थों जैसे पानी-पुरी या भेल का सहारा लेते हैं, जिससे टाइफाइड, गैस्ट्रोएन्टराइटिस और गले के संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। डॉक्टरों ने विशेष रूप से कच्चा सलाद और सड़क किनारे का खाना न खाने की सलाह दी है।
हीट स्ट्रोक से बचाव के उपाय
प्रशासन और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच सीधे धूप में निकलने से बचें। यदि बाहर निकलना जरूरी हो, तो सिर को ढककर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस (ORS) या नींबू पानी का सेवन कर शरीर को हाइड्रेट रखें। रात के समय भी तापमान 23-24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है, जिससे लोगों को रात में भी बेचैनी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि शुष्क मौसम के कारण हीट वेव का प्रभाव और बढ़ सकता है।
