छुट्टियां रद्द, ड्यूटी जारी: मुंबई पुलिस ने 170 घंटे संभाली शहर की कमान
Mumbai News: मुंबई पुलिस ने गणेशोत्सव और मराठा आंदोलन के बीच 170 घंटे लगातार ड्यूटी कर शहर की सुरक्षा संभाल रही है। जवान वीडियो कॉल से आरती में जुड़ रहे है, अधिकारी भी सड़कों पर डटे हुए है।
- Written By: सोनाली चावरे
मुंबई पुलिस (pic credit; social media)
Maharashtra News: गणेशोत्सव की धार्मिक उमंग और मराठा आंदोलन के उफान के बीच मुंबई पुलिस ने अपने कर्तव्य का ऐसा उदाहरण पेश किया है, जिसे शहरवासी लंबे समय तक याद रखेंगे। बीते 170 घंटों से पुलिस और यातायात विभाग के जवान लगातार सड़कों पर तैनात रहकर न केवल सुरक्षा व्यवस्था बनाए हुए हैं, बल्कि भक्तों और प्रदर्शनकारियों के बीच संतुलन कायम करने की चुनौती भी निभा रहे हैं।
छुट्टियां रद्द, जवान वापस बुलाए
करीब 20,000 पुलिसकर्मी शहरभर में सुरक्षा मोर्चे पर डटे हुए हैं। केवल मराठा आंदोलन को संभालने के लिए ही लगभग 4 हजार जवान तैनात किए गए। गणेशोत्सव और आंदोलन की संवेदनशीलता देखते हुए सभी छुट्टियां रद्द कर दी गईं। जो जवान गांव गए थे, उन्हें भी तुरंत ड्यूटी पर बुला लिया गया।
घर बैठे आरती, मैदान में ड्यूटी
कई पुलिसकर्मी अपने घरों में विराजमान गणपति की आरती में वीडियो कॉल के जरिए शामिल हो रहे हैं। उनके लिए ड्यूटी ही पहली प्राथमिकता है। एक कॉन्स्टेबल ने बताया कि पिछले पांच दिनों से वह सिर्फ कुछ घंटे चौकी पर सोते हैं और फिर फौरन ड्यूटी पर लौट आते हैं।
सम्बंधित ख़बरें
अब दोबारा होगी परीक्षा, नहीं देनी होगी फीस; शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने किया पारदर्शी एग्जाम का वादा
इंदौर मॉडल पर संवरेगा छत्रपति संभाजीनगर, शहर के सौंदर्यीकरण के लिए ली जाएगी पेंट विक्रेताओं की मदद
Amravati News: 30 जून से खुलेंगे स्कूल, पहली कक्षा के 15 हजार से अधिक विद्यार्थियों का प्रवेश
HSRP नंबर प्लेट के लिए बचा है सिर्फ एक दिन; 1 जुलाई से कटेगा भारी चालान और बंद होंगी RTO सेवाएं
अधिकारी भी मोर्चे पर
पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त आयुक्त सत्यनारायण चौधरी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अभिनव देशमुख और डीसीपी स्तर के अधिकारी लगातार सड़कों पर गश्त कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी आंदोलनकारियों से संवाद कर माहौल शांत रखने में जुटे रहे।
दो मोर्चों पर एक साथ तैनाती
गणपति मंडपों पर लाखों भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। लालबाग, गिरगांव, अंधेरी, विले पार्ले जैसे इलाकों में पुलिस को चौकसी बढ़ानी पड़ी। वहीं दूसरी ओर दक्षिण मुंबई की सड़कें आंदोलनकारियों के जाम से ठप थीं। पुलिस दोनों ही मोर्चों पर संतुलन बनाए रही।
सोशल मीडिया पर पैनी नजर
पुलिस की साइबर शाखा ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर नजर रखी। ताकि किसी भी तरह की भड़काऊ सामग्री से हालात न बिगड़ें।
स्टाफ की कमी के बावजूद सेवा
राज्य में प्रति लाख नागरिकों पर केवल 160 पुलिसकर्मी हैं। त्योहार, वीआईपी ड्यूटी और सुरक्षा खतरों के बीच पुलिस रोजाना 11–12 घंटे से ज्यादा ड्यूटी करती है। इसके बावजूद उन्होंने यह साबित कर दिया कि उनकी मेहनत और सतर्कता से ही मुंबई चैन से सो पाती है।
