

Varsha Gaikwad Chaitya Bhoomi Protest Election Commission: मुंबई के चैत्य भूमि पर ‘हम मुंबईकर’ मंच की ओर से आयोजित सत्याग्रह में मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने और गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, तब तक लोकतंत्र बचाने की लड़ाई जारी रहेगी।
वोट चोरी और चुनाव आयोग के कथित भ्रष्टाचार के विरोध में आयोजित इस प्रदर्शन में शामिल लोगों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी, विधायक असलम शेख, अमीन पटेल, डॉ. ज्योति गायकवाड़ और भाई जगताप सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
वर्षा गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने अपनी निष्पक्षता खो दी है और वह सत्ताधारी दल के दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी समर्थकों और कुछ विशिष्ट वर्गों के नाम बड़े पैमाने पर मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से उठाए गए कथित वोट चोरी के मुद्दे के खिलाफ अब सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जा रहा है। गायकवाड़ ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
एक अन्य घटनाक्रम में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने IIT मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे के माता-पिता से फोन पर बातचीत की। उन्होंने साहिल के पिता रवींद्र वाकोडे को भरोसा दिलाया कि उनके बेटे को न्याय दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
आठवले ने कहा कि साहिल की आत्महत्या के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मामले की गहन जांच की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, संबंधित मामले की जांच जारी है।