IIT बॉम्बे के बाहर कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ता ने किया प्रदर्शन, सांसद वर्षा गायकवाड़ ने सरकार पर साधा निशाना

Varsha Gaikwad On IIT Bombay Case: IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में न्याय की मांग को कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ और NSUI कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
Congress and NSUI Protest Outside IIT Bombay Campus
पवई पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन करते कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ता सोर्स: एक्स/@VarshaEGaikwad
Published on
Updated on

Congress and NSUI Protest Outside IIT Bombay Campus: आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की कथित आत्महत्या के मामले में परिवार के प्रति एकजुटता जताने के लिए संस्थान के पवई परिसर के बाहर कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ समेत पार्टी और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विराेध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इसके बाद मुंबई पुलिस ने वर्षा गायकवाड़ और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि साहिल वाकोडे को न्याय दिलाने के लिए विरोध कर रहे मुंबई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पवई पुलिस ने घसीटकर हटा दिया, यह लोकतंत्र का मज़ाक है! इस दमन के विरोध में पवई पुलिस स्टेशन के बाहर धरना दिया गया। साहिल वाकोडे मामले की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर कार्रवाई हो और साहिल को न्याय मिले! दमन कितना भी बढ़े, आवाज़ नहीं दबेगी न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

आईआईटी बॉम्बे के छात्रावास में साहिल ने की थी आत्महत्या

बता दें कि आईआईटी मुंबई में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र वाकोडे को 18 सितंबर की शाम छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका पाया गया था। कुछ घंटे पहले ही उसे ‘मिड-सेमेस्टर’ परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन से चैटजीपीटी का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। उसके माता-पिता ने दावा किया है कि छात्र ने उन्हें जाति आधारित अपमानजनक टिप्पणियों का सामना करने की बात बताई थी।

वर्षा गायकवाड़ ने लगाया संस्थागत हत्या का आरोप

कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने प्रदर्शन के दौरान सत्ताधारी पार्टियों पर शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया और घटना को ‘संस्थागत हत्या’ बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मृतक छात्र साहिल वाकोडे के परिवार के साथ खड़ी है और राहुल गांधी ने परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

मुंबई पुलिस के अनुसार, वर्षा गायकवाड़ सहित कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय थाने ले जाया गया। किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आईआईटी के प्रवेश द्वार के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति की समीक्षा की।

राहुल गांधी ने साहिल के माता-पिता से 17 मिनट बात की

इधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे के माता-पिता से वीडियो कॉल पर बात कर उन्हें न्याय की लड़ाई में हरसंभव मदद का भरोसा दिया। सूत्रों के मुताबिक, साहिल के माता-पिता रवींद्र और सोनाली वाकोडे वाशिम से मुंबई जा रहे थे, तभी गांधी ने उन्हें वीडियो कॉल की।

Congress and NSUI Protest Outside IIT Bombay Campus
उद्धव ठाकरे का फडणवीस सरकार पर तीखा हमला, किसानों के लिए किए 31 हजार करोड़ के पैकेज का मांगा हिसाब

राहुल गांधी ने साहिल के परिवार को दिलाया भरोसा

करीब 17 मिनट की बातचीत में राहुल गांधी ने साहिल के परिवार को भरोसा दिलाया कि वह उनके साथ हैं और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उस समय भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख शिवराज मोरे भी साहिल के माता-पिता के साथ मौजूद थे।

साहिल के माता-पिता ने आईआईटी बॉम्बे के गेट के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा साहिल की मौत की जांच कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com