भाजपा-बविआ के बीच झड़प, वचनपूर्ति जल उत्सव कार्यक्रम में देर रात तक हंगामा, सड़कों पर लगा जाम

Mumbai News: वसई में जल महोत्सव कार्यक्रम के दौरान हिला यूट्यूबर को धक्का दिए जाने के विवाद से भाजपा और बविआ के बीच झड़प हो गई। जिससे काफी घंटो तक सड़कों पर जाम लग गया।
वसई में भाजपा और BAVIA के बीच झड़प (pic credit; social media)
वसई में भाजपा और BAVIA के बीच झड़प (pic credit; social media)
Published on: 
Updated on: 

Clash between BJP and BAVIA: विरार पश्चिम के ग्लोबल सिटी इलाके में रविवार को आयोजित ‘वचनपूर्ति जल उत्सव’ कार्यक्रम के दौरान सड़क जाम और अफरा-तफरी ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया। नागरिकों का आरोप था कि सड़क जाम करके ही कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस इलाके में पिछले कुछ सालों से पानी की बड़ी समस्या थी। नगरपालिका को अतिरिक्त पानी मिलने के बाद इलाके में जल आपूर्ति बहाल हुई। इसी खुशी में जल महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा विधायक राजन नाइक, स्नेहा दुबे पंडित और राजेंद्र गावित शामिल हुए।

कार्यक्रम सड़क पर आयोजित होने के कारण कुछ देर के लिए मार्ग बंद कर दिए गए। इसी सड़क अवरोध को लेकर नागरिकों और आयोजकों के बीच विवाद खड़ा हो गया।

विवाद तब और बढ़ गया जब एक महिला यूट्यूबर को कार्यक्रम के दौरान धक्का दिया गया। महिला ने आरोप लगाया कि इसमें से एक व्यक्ति ने जय श्री राम के नारे लगाए और अश्लील तरीके से उसे धक्का दिया।

युवा यूट्यूबर की शिकायत के आधार पर बोलिंग पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

सड़क जाम और धक्का-मुक्की के कारण पुलिस स्टेशन के बाहर रात 2 बजे तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम के आयोजन को लेकर अपनी नाराजगी जताई और कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर इस तरह के आयोजनों से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती है।

भाजपा और बविआ नेताओं ने फिलहाल किसी प्रतिक्रिया से बचते हुए मामले की जांच पर भरोसा जताया। इस घटना ने वसई के राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है और आगामी स्थानीय चुनावों में भी इसका असर देखा जा सकता है।

पुलिस ने कहा कि घटना में शामिल सभी व्यक्तियों की पहचान की जा रही है और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में इसी तरह के कार्यक्रमों के लिए आवश्यक अनुमति और मार्ग बंदी की योजना बनाई जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com