बिहार और यूपी जाने वाले यात्रियों की बढ़ी भीड़ ! उधना से चलेंगी 5 जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें

Bihar Special Train 2026: दिवाली और छठ पर्व पर बिहार-यूपी जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने उधना से 5 जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।
udhana bihar up 5 pairs unreserved special trains diwali chhath
उधना स्पेशल ट्रेन(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • दिवाली और छठ पर्व पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे उधना से पांच जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाएगा।

  • उधना से जयनगर के लिए तीन जोड़ी, झंझारपुर के लिए एक जोड़ी और मधुबनी के लिए एक जोड़ी ट्रेन संचालित होगी।

  • स्पेशल ट्रेनें 7 और 8 नवंबर को उधना से रवाना होंगी। वापसी की सेवाएं 9 और 10 नवंबर से निर्धारित हैं।

UP Bihar Unreserved Special Train: दिवाली और छठ पर्व को देखते हुए बिहार यूपी जाने वालों की भीड़ थमने का नाम नहीं ले रही है। मुंबई, पुणे, सूरत आदि शहरों से लाखों की संख्या में प्रवासी यात्री अपने गांव घर जा रहे हैं,ऐसे में रेगुलर ट्रेनों के साथ स्पेशल ट्रेनों में भी जगह नहीं मिल रही है। बिहार और उत्तर प्रदेश के लिए बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लंबी वेटिंग को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देने की तैयारी की है। उधना से 5 जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है।

जयनगर,मधुबनी के लिए ट्रेन

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार इनमें उधना से जयनगर के लिए तीन जोड़ी, झंझारपुर के लिए एक जोड़ी और मधुबनी के लिए एक जोड़ी ट्रेन शामिल है। सभी ट्रेनों में द्वितीय श्रेणी के सामान्य डिब्बे होंगे, जिससे बिना आरक्षण यात्रा करने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी।

इन 5 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का होगा संचालन

ट्रेन संख्या 09043 उधना-जयनगर स्पेशल 7 नवंबर को रात 9 बजे उधना से रवाना होकर सोमवार को सुबह 10 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09044 9 नवंबर को दोपहर 1 बजे जयनगर से रवाना होकर 11 नवंबर को रात 1:45 बजे उधना पहुंचेगी।

उधना-जयनगर अनारक्षित स्पेशल

ट्रेन संख्या 09051 7 नवंबर को रात 10:30 बजे उधना से रवाना होगी और 9 नवंबर को सुबह 11:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09052 9 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे जयनगर से रवाना होकर 11 नवंबर को सुबह 3:15 बजे उधना पहुंचेगी।

उधना-जयनगर अनारक्षित स्पेशल

ट्रेन संख्या 09057 8 नवंबर को दोपहर 3 बजे उधना से प्रस्थान करेगी और 10 नवंबर को सुबह 4 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09058 10 नवंबर को सुबह 7 बजे जयनगर से रवाना होकर 11 नवंबर को शाम 7:45 बजे उधना पहुंचेगी।

उधना-झंझारपुर अनारक्षित स्पेशल

ट्रेन संख्या 09053 8 नवंबर को सुबह 3:30 बजे उधना से रवाना होकर 9 नवंबर को शाम 4 बजे झंझारपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09054 9 नवंबर को शाम 7 बजे झंझारपुर से प्रस्थान करेगी और 11 नवंबर को सुबह 8:15 बजे उधना पहुंचेगी।

udhana bihar up 5 pairs unreserved special trains diwali chhath
यवतमाल में फाइनेंस कर्मचारियों का प्रदर्शन, कर्ज वसूली के दौरान सुरक्षा और कानूनी संरक्षण की मांग

उधना-मधुबनी अनारक्षित स्पेशल

ट्रेन संख्या 09055 8 नवंबर को सुबह 7 बजे उधना से रवाना होकर 9 नवंबर को शाम 7 बजे मधुबनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09056 9 नवंबर को रात 11:30 बजे मधुबनी से रवाना होकर 11 नवंबर को सुबह 11:45 बजे उधना पहुंचेगी।

यूपी और बिहार के इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

पश्चिम रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इन ट्रेनों का ठहराव चलथान, बारडोली, नंदुरबार, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा सहित प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। हालांकि, झंझारपुर जाने वाली ट्रेन सकरी स्टेशन पर रुकेगी, जबकि मधुबनी जाने वाली ट्रेन का अंतिम निर्धारित ठहराव दरभंगा होगा। जयनगर जाने वाली ट्रेनों का ठहराव मधुबनी स्टेशन पर भी रहेगा।

udhana bihar up 5 pairs unreserved special trains diwali chhath
नागपुर मरीना की वॉटरफ्रंट लाइफस्टाइल की झलक: 6 से 8 नवंबर तक वीआर मॉल में बीच का खास अनुभव

बिना रिजर्वेशन यात्रा करने वालों को मिलेगी राहत

त्योहारी सीजन में सूरत और उधना से बिहार एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। नियमित ट्रेनों में भारी भीड़ और आरक्षण की समस्या के बीच पश्चिम रेलवे की यह पहल यात्रियों के लिए राहत भरी साबित हो सकती है। अनारक्षित सामान्य कोच वाली इन विशेष ट्रेनों से उन यात्रियों को भी यात्रा का विकल्प मिलेगा, जिन्हें नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है।