मुंबई में आफत की बारिश! दहानू-वलसाड रूट पर ट्रेनें ठप, कई पुलों पर मंडराया खतरा, नदियों का जलस्तर बढ़ा

Dahanu Valsad Train Route Affected: मुंबई में भारी बारिश के कारण पश्चिमी क्षेत्र की नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। सुरक्षा के मद्देनजर दहानू और वलसाड के बीच ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं।
Mumbai Heavy Rain Train Services Affected
भारी बारिश के कारण रुके ट्रेनों के पहिए (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Mumbai Heavy Rain Train Services Affected: मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार जारी भारी बारिश के कारण पश्चिमी क्षेत्र की नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। भारी बारिश का गंभीर असर रेल व सड़क यातायात पर पड़ा है। बरसात के कारण पश्चिमी क्षेत्र की नदियों जलस्तर बढ़ने के कारण पश्चिम रेलवे के दहानू और वलसाड स्टेशनों के बीच ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। पश्चिम रेलवे ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया है।

कई रेलवे पुलों पर पानी खतरे के निशान पर

पश्चिम रेलवे के अनुसार इस मार्ग पर कई पुलों पर पानी खतरे के निशान तक पहुंच गया है, जिसके चलते ट्रेनों की आवाजाही को रोका गया है।

किन पुलों पर क्या स्थिति है

ब्रिज नंबर 203: उमरगाम रोड और घोलवड के बीच पानी खतरे के निशान तक पहुंचने के बाद सुबह 04:43 बजे से अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनें रोक दी गई थीं। बाद में स्थिति में सुधार के बाद सुबह 06:50 बजे यातायात बहाल कर दिया गया। हालांकि सुरक्षा के लिए यहां ट्रेनों को 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ही चलाया जा रहा है।

ब्रिज नंबर 230 (संजान यार्ड पुल): यहां पानी का स्तर खतरे के निशान तक पहुंचने के कारण सुबह 6:45 बजे से अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का आवागमन अस्थायी रूप से बंद है।

ब्रिज नंबर 284 (उदवाड़ा और वापी के बीच): यहां भी जलस्तर बढ़ने से सुबह करीब 07:05 बजे से अप और डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रद्द किया गया है। गुजरात की तरफ से मुंबई आने वाली कई ट्रेनें बीच में ही फंसी हुई हैं। इससे हजारों यात्री ट्रेनों में ही इंतजार कर रहे हैं।

रेलवे की निगरानी जारी

पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जैसे ही पानी का स्तर सामान्य होगा और पुलों की सुरक्षा सुनिश्चित हो जाएगी, ट्रेन सेवाओं को पूरी तरह बहाल कर दिया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी NTES ऐप या रेलवे पूछताछ केंद्र से ले लें।

पटरियों पर पानी, कई ट्रेनें रीशेड्यूल

पश्चिम रेलवे मुंबई सेंट्रल मंडल के डीआरएम ने भी ट्वीट कर जानकारी दी कि उमरगांव-घोलवड सेक्शन में पटरियों पर जलजमाव के कारण ट्रेनों का यातायात प्रभावित हुआ है। इसके कारण गुरुवार को इस रूट पर चलने वाली कई ट्रेनों को रीशेड्यूल किया गया है। यात्रियों को अनावश्यक यात्रा से बचने और रेलवे कर्मियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और आसपास के तटीय इलाकों के लिए अगले 24 घंटों में अति भारी बारिश का अनुमान जताया है। तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहने की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com