

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 5 आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत।
मास्टरमाइंड की साली सुनेहा पंडित 21 नवंबर तक क्राइम ब्रांच की कस्टडी में।
जांच में 20 से ज्यादा QR कोड मिले, विदेश से फंडिंग के तार जुड़े।
Mumbai Police Crime Branch: अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में गिरफ्तार 13 आरोपियों में से छह की पुलिस कस्टडी समाप्त होने के बाद क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने सोमवार को उन्हें मकोका कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के बाद अदालत ने पांच आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इस मामले में कथित मास्टरमाइंड अनिल पंडित की साली और फरार आरोपी अभिषेक की पत्नी सुनेहा पंडित को आगे की पूछताछ के लिए 21 नवंबर तक क्राइम ब्रांच की कस्टडी में भेजा गया है। क्राइम ब्रांच ने अदालत से सुनेहा की छह दिन की रिमांड मांगी थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि पूरी साजिश और उससे जुड़े आर्थिक लेनदेन की जानकारी जुटाने के लिए सुनेहा से पूछताछ जरूरी है।
जांच में सामने आया है कि सुनेहा का पति अभिषेक विदेश में रहकर कथित तौर पर इस आपराधिक नेटवर्क से जुड़े बैंक खातों का संचालन करता था। पुलिस के अनुसार, टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग की घटना को अंजाम देने के लिए विदेश से इन्हीं खातों के माध्यम से पैसे ट्रांसफर किए गए थे। जांच एजेंसी को यह भी संदेह है कि संदिग्ध लेनदेन की कुछ रकम सीधे सुनेहा पंडित तक पहुंची थी।
क्राइम ब्रांच की शुरुआती जांच में एक अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस ने सुनेहा के मोबाइल फोन से 20 से अधिक QR कोड बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि इनका इस्तेमाल कथित तौर पर फायरिंग की घटना के दिन और उसके बाद के दिनों में पैसों के लेनदेन के लिए किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, इन QR कोड के जरिए कई वेंडर्स और अन्य लोगों को भी पैसे भेजे गए थे। अब क्राइम ब्रांच इन कोड से जुड़े लेनदेन, खातों और रकम प्राप्त करने वालों की जानकारी जुटा रही है। जांच का उद्देश्य फायरिंग की साजिश के पीछे मौजूद आर्थिक नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाना है।