

महायुति सरकार को विपक्ष से ज्यादा अपने ही नेताओं के तीखे सवालों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने नागपुर शीतकालीन अधिवेशन की छोटी अवधि पर मुख्यमंत्री के सामने नाराजगी जताई।
अमोल मातेले ने आरोप लगाया कि सरकार महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से बचने का प्रयास कर रही है।
Sudhir Mungantiwar Statement Amol Matele News: महाराष्ट्र की महायुति सरकार को अब विपक्ष से ज्यादा चुनौती अपने ही नेताओं के सवालों से मिल रही है। नागपुर में होने वाले शीतकालीन अधिवेशन की अवधि महज दो सप्ताह रखने पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने मुख्यमंत्री के सामने ही नाराजगी जाहिर की। उन्होंने यहां तक टिप्पणी की कि सरकार के बारे में ऐसा संदेश नहीं जाना चाहिए कि वह अंग्रेजों से भी बदतर है।
मुनगंटीवार की इस टिप्पणी को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रदेश महासचिव एडवोकेट अमोल मातेले ने सरकार पर तीखा हमला बोला है।
मातेले ने कहा कि महाराष्ट्र राज्य में लोकतंत्र का गला घोंटकर और मैच फिक्सिंग के जरिए सत्ता में आई सरकार की असलियत अब सामने आने लगी है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार के कामकाज पर उसके अपने ही वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री के सामने सवाल उठा रहे हैं, उसकी स्थिति समझी जा सकती है। अब सरकार की पोल खोलने के लिए विपक्ष को ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं रह गई है।
मातेले के मुताबिक, नागपुर का शीतकालीन अधिवेशन राज्य के किसानों, आम लोगों और विभिन्न वर्गों की समस्याओं को सदन में उठाने का महत्वपूर्ण अवसर होता है। ऐसे में अधिवेशन की अवधि केवल दो सप्ताह रखना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि सरकार जनता के सवालों का सामना करने से बचना चाहती है।
उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल के वरिष्ठ नेता की मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने ऐसी टिप्पणी करना सरकार के भीतर असंतोष और कामकाज को लेकर नाराजगी का संकेत है। महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्य के लिए यह गंभीर राजनीतिक स्थिति है। सरकार को जनता के सवालों से बचने के बजाय अधिवेशन की अवधि बढ़ाकर सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा का अवसर देना चाहिए।