Mumbai SRA Scam: मुंबई में स्लम पुनर्विकास प्राधिकरण (एसआरए) से जुड़ा एक बड़ा कथित घोटाला सामने आया है। प्रकल्प प्रभावित लोगों को एसआरए आवास दिलाने के नाम पर 47 लोगों से करीब 5.57 करोड़ रुपए की ठगी किए जाने का मामला उजागर हुआ है।
इस मामले में कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड के पूर्व निजी सहायक तथा शिवसेना (उद्धव गुट) के विधायक संजय पोतनीस के पूर्व पीए विश्वनाथ जाधव समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
वर्ष 2017 से अब तक बांद्रा, सांताक्रूज, माटुंगा, अंधेरी और कांदिवली क्षेत्र की एसआरए परियोजनाओं में आवास दिलाने का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपए वसूले गए। आरोप है कि आरोपियों ने एसआरए के वरिष्ठ अधिकारियों से करीबी संबंध होने का दावा कर लोगों का विश्वास जीता और उनसे धनराशि ली।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने एसआरए परियोजनाओं की सदनिकाओं के फर्जी कब्जा पत्र, कलेक्टर कार्यालय और एसआरए अधिकारियों के कथित हस्ताक्षर एवं मुहर वाले नकली लेटरहेड तैयार कर लोगों को दिए।
इस मामले में विश्वनाथ जाधव, शैलेश काकण, रुपेश बेल्हेकर और अभिषेक गुज्जर के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
मुंबई की एसआरए पुनर्विकास परियोजनाओं से जुड़े इस कथित घोटाले में दस्तावेजों में जालसाजी, आर्थिक अनियमितता, विश्वासघात और धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं। जांच एजेंसियों को संदेह है कि निवेशकों और लाभार्थियों से प्राप्त धन का दुरुपयोग किया गया तथा परियोजनाओं के नाम पर अनियमित वित्तीय लेनदेन किए गए।
फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां दस्तावेजों की सत्यता, वितीय लेनदेन और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले में कथित घोटाले की पूरी तस्वीर और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।