ऑस्कर जूरी के घर भेजिए ED और CBI, रामायण फिल्म को मिल जाएगा अवॉर्ड! फडणवीस के बयान पर बरसे संजय राउत
Sanjay Raut vs Devendra Fadnavis On Ramayana Movie: 'रामायण' फिल्म के ऑस्कर जीतने वाले फडणवीस के बयान पर संजय राउत ने कसा तंज, कहा- जूरी के घर ED-CBI भेज दीजिए।
- Written By: अनिल सिंह
रामायण फिल्म की झलक देखते देवेंद्र फडणवीस (सोर्स-सोशल मीडिया)
Sanjay Raut On Fadnavis Ramayana Movie Statement: नितेश तिवारी के निर्देशन और रणबीर कपूर के अभिनय से सज रही बहुचर्चित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा फिल्म ‘रामायण’ की तारीफ करने और उसे ऑस्कर पुरस्कार मिलने की उम्मीद जताने के बाद, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने उन पर तीखा हमला बोला है।
संजय राउत ने तंज कसते हुए कहा कि अगर फडणवीस को ऑस्कर की इतनी ही चिंता है, तो उन्हें ऑस्कर जूरी के घर केंद्रीय जांच एजेंसियों को भेज देना चाहिए।
ED-CBI भेजिए या अमित शाह से जूरी भंग करवाइए
संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने लिखा, “श्री देवेंद्र जी, ऑस्कर ही मुद्दा बना हुआ है, तो तुरंत ईडी (ED) और सीबीआई (CBI) को जूरी सदस्यों के घर भेज दीजिए महोदय, काम आसान हो जाएगा। या फिर अमित शाह को भेजकर जूरी समूह को ही भंग करवा दीजिए, फिर चिंता की कोई बात ही नहीं रहेगी!”
सम्बंधित ख़बरें
दही हांडी पर गोविंदाओं के लिए महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला, मिलेगा 10 लाख रुपये तक का मुफ्त बीमा कवर
प्रशांत किशोर ने की सुनेत्रा पवार से मुलाकात, महाराष्ट्र में NCP की नई राजनीतिक रणनीति की अटकलें तेज
पूर्व IAS राधेश्याम मोपलवार फिर विवादों में, 200 करोड़ की रेडियो क्लब जेट्टी परियोजना के ठेके पर उठे सवाल
कुणबी प्रमाणपत्र रद्द होने पर भड़के मनोज जरांगे, फडणवीस, शिंदे और बावनकुले पर लगाया साजिश का आरोप
संजय राउत ने इसके साथ ही अयोध्या राम मंदिर दान पेटी चोरी का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी ने अयोध्या में राम मंदिर की लूट पर एक नई रामायण लिख दी है।
ये भी पढ़ें- दही हांडी पर गोविंदाओं के लिए महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला, मिलेगा 10 लाख रुपये तक का मुफ्त बीमा कवर
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने क्या कहा था?
दरअसल, वीएफएक्स और मीडिया कंपनी ‘प्राइम फोकस’ के एक वैश्विक कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने फिल्म ‘रामायण’ के निर्माण और उसकी तकनीक की सराहना की थी।
फडणवीस ने कहा था, “हमें खुशी है कि हम आधुनिक तकनीक के जरिए अपनी सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने रख रहे हैं। अगर नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को ऑस्कर नहीं मिलता है, तो मुझे ऑस्कर जूरी से बड़ी निराशा होगी।” उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार मुंबई में एक विश्व स्तरीय फिल्म सिटी के पुनर्विकास पर काम कर रही है।
राम मंदिर चंदा विवाद और सियासत तेज
संजय राउत द्वारा फिल्म के बहाने बीजेपी और केंद्रीय जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को लेकर किए गए इस जुबानी हमले के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
एक तरफ जहां महायुति सरकार ‘रामायण’ जैसी भव्य फिल्मों के जरिए महाराष्ट्र को ग्लोबल मीडिया हब बनाने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष राम मंदिर दान पेटी विवाद और ऑस्कर बयानों को लेकर सरकार की घेराबंदी कर रहा है।
