

Sanjay Raut On Fadnavis Ramayana Movie Statement: नितेश तिवारी के निर्देशन और रणबीर कपूर के अभिनय से सज रही बहुचर्चित फिल्म 'रामायण' को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा फिल्म 'रामायण' की तारीफ करने और उसे ऑस्कर पुरस्कार मिलने की उम्मीद जताने के बाद, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने उन पर तीखा हमला बोला है।
संजय राउत ने तंज कसते हुए कहा कि अगर फडणवीस को ऑस्कर की इतनी ही चिंता है, तो उन्हें ऑस्कर जूरी के घर केंद्रीय जांच एजेंसियों को भेज देना चाहिए।
संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने लिखा, "श्री देवेंद्र जी, ऑस्कर ही मुद्दा बना हुआ है, तो तुरंत ईडी (ED) और सीबीआई (CBI) को जूरी सदस्यों के घर भेज दीजिए महोदय, काम आसान हो जाएगा। या फिर अमित शाह को भेजकर जूरी समूह को ही भंग करवा दीजिए, फिर चिंता की कोई बात ही नहीं रहेगी!"
संजय राउत ने इसके साथ ही अयोध्या राम मंदिर दान पेटी चोरी का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी ने अयोध्या में राम मंदिर की लूट पर एक नई रामायण लिख दी है।
दरअसल, वीएफएक्स और मीडिया कंपनी 'प्राइम फोकस' के एक वैश्विक कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने फिल्म 'रामायण' के निर्माण और उसकी तकनीक की सराहना की थी।
फडणवीस ने कहा था, "हमें खुशी है कि हम आधुनिक तकनीक के जरिए अपनी सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने रख रहे हैं। अगर नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' को ऑस्कर नहीं मिलता है, तो मुझे ऑस्कर जूरी से बड़ी निराशा होगी।" उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार मुंबई में एक विश्व स्तरीय फिल्म सिटी के पुनर्विकास पर काम कर रही है।
संजय राउत द्वारा फिल्म के बहाने बीजेपी और केंद्रीय जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को लेकर किए गए इस जुबानी हमले के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
एक तरफ जहां महायुति सरकार 'रामायण' जैसी भव्य फिल्मों के जरिए महाराष्ट्र को ग्लोबल मीडिया हब बनाने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष राम मंदिर दान पेटी विवाद और ऑस्कर बयानों को लेकर सरकार की घेराबंदी कर रहा है।