'पहले घुसपैठियों को बाहर करो', संजय राउत बोले- हम चुनाव विराेधी नहीं, EC से करेंगे मुलाकात

Sanjay Raut: शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने सोमवार को महाराष्ट्र में फर्जी मतदाताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा पहले घुसपैठियों को बाहर किया जाए, तभी चुनावी हो।
Sanjay Raut
संजय राउत (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Sanjay Raut On Voter List: शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र में फर्जी वोटरों के मुद्दे पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सोमवार को जोर दिया कि चुनावी प्रक्रिया शुरू करने से पहले ऐसे घुसपैठियों को बाहर का रास्ता दिखाना आवश्यक है।

राउत ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी चुनाव के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि "हमने कभी-भी चुनाव का विरोध नहीं किया"। वह मानते हैं कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव होना जरूरी है। हालांकि, उनका सीधा सवाल यह है कि फर्जी मतदाताओं की मौजूदगी में चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि यह मुद्दा चुनाव आयोग के सामने भी उठाया जा चुका है। राउत ने आयोग से मांग की है कि फर्जी मतदाताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, और उसके बाद ही चुनावी प्रक्रिया पर विचार-विमर्श शुरू किया जाए, जो बेहतर रहेगा।

चुनाव आयोग के पास जाएंगे सभी दल

संजय राउत ने इस बात को खारिज नहीं किया कि मौजूदा समय में फर्जी वोटर एक गंभीर चिंता का विषय बने हुए हैं। इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, उन्होंने जानकारी दी कि सभी दलों के नेताओं ने यह फैसला किया है कि वे 1 नवंबर को चुनाव आयोग के पास जाएंगे। वहां वे आयोग को सूचित करेंगे कि मौजूदा समय में किस तरह से फर्जी वोटर एकजुट होकर लोकतंत्र के सिद्धांतों को ताक पर रखने पर अमादा हो चुके हैं।

मतदाता सूची की गड़बड़ियों को दूर करने की मांग

शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि जिस तरह से मतदाता सूची में विसंगतियां हैं, उन्हें दूर किया जाना चाहिए, क्योंकि विसंगतिपूर्ण मतदाता सूची के साथ चुनाव प्रक्रिया को संपन्न करना अनुचित रहेगा। उन्होंने यह कहने में कोई हिचक नहीं दिखाई कि कुछ लोग फर्जी मतदाताओं का सहारा लेकर चुनाव जीतना चाहते हैं, लेकिन वह और उनकी पार्टी ऐसा नहीं होने देंगे।

फर्जी मतदाताओं को बाहर निकालने की अपनी मांग को मजबूती देने के लिए, राउत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें शाह ने कहा था कि उनकी सरकार घुसपैठियों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करते हुए उन्हें बाहर का रास्ता दिखाएगी।

गृह मंत्री के इसी बयान का संदर्भ देते हुए राउत ने मांग की कि महाराष्ट्र में एक करोड़ से भी अधिक फर्जी मतदाता घुस चुके हैं। उन्होंने अमित शाह से इन सभी मतदाताओं को बाहर का रास्ता दिखाने की मांग की, और जोर दिया कि इसके बाद ही यहां पर चुनावी प्रक्रिया शुरू होनी चाहिए।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com