

आज शाम 4 बजे जुहू बीच पर सफाई अभियान चलेगा
शिवसेना नेता संजय निरुपम के नेतृत्व में चलेगा अभियान
छठ पूजा के दौरान जुटी भीड़ के बाद समुद्री पर्यावरण को बचाने के लिए पहल
संजय निरुपम ने मुंबई मेरा घर है का नारा देते हुए स्वच्छता की अपील की
Sanjay Nirupam Juhu Beach Cleaning Campaign: छठ पूजा के उत्सव के बाद अब समुद्र तट की स्वच्छता के जरिए सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा। शिवसेना नेता संजय निरुपम के नेतृत्व में सोमवार को जुहू समुद्र तट पर स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को सार्वजनिक स्थानों की सफाई और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
रविवार को जुहू समुद्र तट पर छठ पूजा का आयोजन हुआ था। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने समुद्र किनारे पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और पूजा-अर्चना की। धार्मिक आयोजन के बाद समुद्र तट पर स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए सोमवार को सफाई अभियान चलाने की पहल की गई है।
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा कि कल जुहू बीच पर छठ पूजा मनाने आए श्रद्धालु। यह सांस्कृतिक उन्माद नहीं, श्रद्धा और भक्ति का सांस्कृतिक समागम है, जिसे दुनियाभर के लोगों ने अपने-अपने शहरों में एक विराट स्वरूप में देखा।
संजय निरुपम ने लिखा कि मुझे उम्मीद नहीं थी कि मात्र 30 वर्ष में छठ ग्लोबल उत्सव बन जाएगा। धन्य हैं, बिहार, यूपी और झारखंड के लोग। अपने-अपने शहर के छठ सेलेब्रेशन के फोटो या वीडियो शेयर करें, उसे आगे बढ़ाएंगे।
सफाई अभियान के संबंध में संजय निरुपम ने संदेश दिया है, "कल छठ पूजा का अर्घ्य, आज स्वच्छता का संकल्प, मुंबई मेरा घर है!" उनका कहना है कि जिस स्थान पर लोग धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव मनाते हैं, उसकी साफ-सफाई बनाए रखना भी सभी की जिम्मेदारी है।
संजय निरुपम ने बताया कि आज यानी सोमवार को शाम 4 बजे जुहू समुद्र तट पर पाम ग्रोव होटल के पीछे सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसमें शिवसेना के कार्यकर्ताओं और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
इस पहल के जरिए लोगों को यह संदेश देने की कोशिश की जाएगी कि त्योहार मनाने के साथ सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना भी नागरिक कर्तव्य है। समुद्र तटों पर प्लास्टिक, पूजा सामग्री और अन्य कचरा छोड़ने से समुद्री पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। ऐसे में धार्मिक आयोजनों के बाद सफाई और जागरूकता अभियान की अहमियत बढ़ जाती है।