सचिन अहीर महायुति के समर्थन से निर्विरोध चुने गए विधान परिषद के उपसभापति, उद्धव ठाकरे और MVA को बड़ा झटका
Sachin Ahir Deputy Chairman: महाराष्ट्र की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। उद्धव गुट के सचिन अहीर महायुति के उम्मीदवार के रूप में निर्विरोध विधान परिषद के उपसभापति चुने गए हैं।
- Written By: आकाश मसने
सचिन अहीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Sachin Ahir Elected Vidhan Parishad Deputy Chairman: महाराष्ट्र की सियासत में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) को एक और तगड़ा झटका लगा है। उद्धव ठाकरे के बेहद करीबी माने जाने वाले विधान परिषद सदस्य (MLC) सचिन अहीर बुधवार को सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में विधान परिषद के उपसभापति पद के लिए निर्विरोध चुन लिए गए हैं। इस घटनाक्रम ने राज्य की राजनीति में एक बार फिर नए समीकरण पैदा कर दिए हैं।
विपक्ष ने वापस लिया अपना नामांकन
दिलचस्प बात यह है कि विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (MVA) ने भी इस पद के लिए तैयारी की थी और शिवसेना (यूबीटी) के जगन्नाथ अभ्यंकर को अपना उम्मीदवार बनाया था। लेकिन ऐन वक्त पर बाजी पलट गई। सदन में संसदीय कार्य मंत्री चंद्रकांत पाटिल की विशेष अपील के बाद विपक्ष पीछे हट गया। शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ विधायक अनिल परब ने सदन में घोषणा की कि विपक्ष जगन्नाथ अभ्यंकर की उम्मीदवारी वापस ले रहा है, जिसके बाद सचिन अहीर के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया।
महायुति ने सचिन अहीर को बनाया था उपसभापति का उम्मीदवार
सचिन अहीर ने मंगलवार को महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति पद के चुनाव के लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ शिवसेना के उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया था, जिससे उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) को झटका लगा। यह पिछले कुछ दिनों में उद्धव ठाकरे व शिवसेना (यूबीटी) के लिए दूसरा झटका था। एक सप्ताह पहले उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी के 6 लोकसभा सांसद बागी हो गए थे। उन्होंने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थाम लिया था।
सम्बंधित ख़बरें
School Enrollment Festival: नागपुर संभाग के 23,000 स्कूल नए सत्र के लिए तैयार; शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों सराहा
महाराष्ट्र सरकार ने 28 मनपाओं को 2,792.84 करोड़ का GST अनुदान दिया, मुंबई को मिला सबसे बड़ा हिस्सा
नई यूनिफॉर्म, नया बैग और चेहरे पर मुस्कान; नागपुर में पहले दिन मिठाई खिलाकर शुरू हुआ नया शैक्षणिक सत्र
भंडारा में 245 किलो गांजा जब्त, सेंदूरवाफा टोल प्लाजा पर नारकोटिक्स और पुलिस की बड़ी कार्रवाई
विधानपरिषदेच्या उपसभापतीपदी सचिन अहिर यांची आज बिनविरोध निवड झाली. महाविकास आघाडीचे उमेदवार जगन्नाथ अभ्यंकर यांनी अर्ज मागे घेतल्यानंतर आवाजी मतदानाने सचिन अहिर यांची एकमताने निवड करण्यात आली. #SachinAhir #Maharashtra #VidhanParishad #MaharashtraPolitics pic.twitter.com/E8YTwvExSG — AIR News Mumbai, आकाशवाणी मुंबई (@airnews_mumbai) July 1, 2026
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे के करीबी सहयोगी सचिन अहीर ने मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की मौजूदगी में महायुति उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। एक तरह से शिवसेना (यूबीटी) छोड़ने के अहीर के कदम को मध्य मुंबई के वर्ली से विधायक आदित्य ठाकरे के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र TET पेपर लीक: बिहार के बाद UP कनेक्शन आया सामने, 25 साल से आगरा की एक ही प्रेस से छपते थे पेपर
कौन है सचिन अहीर?
अंडरवर्ल्ड सरगना से नेता बने अरुण गवली के भांजे सचिन अहीर अविभाजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के तीन बार विधायक रहे हैं। वे वर्ष 1999 से 2014 तक कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन सरकार के दौरान मंत्री भी रहे थे। वह अविभाजित राकांपा की मुंबई इकाई के अध्यक्ष के पद पर भी रह चुके हैं। 2014 के विधानसभा चुनाव में अहीर को अविभाजित शिवसेना के उम्मीदवार सुनील शिंदे के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
