

Ram Kadam Targets Raj Thackeray: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे के सिद्धिविनायक मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक राम कदम ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि गणेश मंदिर के बारे में ऐसे आरोप लगाना ठीक नहीं है। अगर राज ठाकरे के पास कोई ठोस जानकारी है, तो उन्हें इसे पुलिस को सौंपना चाहिए।
विधायक राम कदम ने मीडिया से बात करते हुए कहा, राज ठाकरे खुद अक्सर दर्शन के लिए सिद्धिविनायक मंदिर जाते हैं। मैंने उनके साथ पांच साल काम किया है और भगवान गणेश उनके आराध्य देव हैं। गणेश मंदिर के बारे में ऐसे आरोप लगाना ठीक नहीं है। अगर उनके पास कोई ठोस जानकारी है, तो उन्हें इसे पुलिस को सौंपना चाहिए। मामले की पूरी जांच की जाएगी।
उन्होंने राज ठाकरे पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, मीडिया के सामने इस बारे में बात करने से सुर्खियां तो मिल सकती हैं, लेकिन इससे किसी भी मंदिर में ऐसी घटनाओं को रोकने का मकसद पूरा नहीं होगा। पुख्ता जानकारी दिए बिना सिर्फ मीडिया के सामने बोल देना, यह उनका सुर्खियों में आने का प्रयास है।
राम कदम ने कुलगाम के आतंकी हमले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, पहलगाम हमले में लोगों को गोली मारने से पहले जिस तरह से उनका धर्म पूछा गया था, वैसी ही एक घटना फिर से सामने आई है। इस मामले की पूरी जांच होगी और हर पहलू को देखा जाएगा।
भाजपा विधायक ने कहा कि पहलगाम में जो हुआ, उसका दुश्मन देश को कड़ा जवाब दिया गया। इसके लिए जिम्मेदार आतंकवादियों को खत्म कर दिया गया और इस मामले में भी शामिल किसी भी आतंकवादी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि धर्म या जाति पूछकर किसी की हत्या करना एक बर्बर और घिनौना काम है। ऐसे आतंकवादियों को मार गिराने का काम किया जाएगा। इन आतंकियों के पीछे जो ताकतें हैं, उन्हें भी माफ नहीं किया जाएगा। यह नरेंद्र मोदी की सरकार है, आतंकियों को घर में घुसकर मारा जाएगा।