मनसे नेता की महिला के साथ दबंगई...दफ्तर में बुलाकर की मारपीट, देखें VIDEO

MNS Worker Slaps Woman: मुंबई से सटे ठाणे में एक बार फिर से मनसे की रंगबाजी सामने आई है। एक महिला रेलवे स्टेशन पर एक महाराष्ट्रियन से झगड़ा हो गया।
MNS Viral Video
मनसे नेता की महिला के साथ दबंगई...दफ्तर में बुलाकर की मारपीट, देखें VIDEO
Published on
Updated on

Mumbai Viral Video: मुंबई में एक बार फिर राज ठाकरे की अगुवाई वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की दबंगई सामने आई है। ठाणे में एक मनसे कार्यकर्ता ने महिला को थप्पड़ मारा और उसके पति के साथ बदसलूकी के लिए माफ़ी मांगने पर मजबूर किया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। महिला को थप्पड़ मारने वाली मनसे कार्यकर्ता की पहचान स्वरा घाटे के रूप में हुई है। मनसे कार्यकर्ता ने महिला से महाराष्ट्र के लोगों से माफ़ी मंगवाई।

मुंबई में इससे पहले भी मनसे कार्यकर्ताओं ने हिंदी बोलने पर एक व्यवसायी को मीरा रोड इलाके में पीटा था। इसके बाद कई अन्य घटनाएं भी सामने आई थीं।

रेलवे स्टेशन पर विवाद

मनसे नेताओं का कहना है कि ठाणे के कलवा रेलवे स्टेशन पर मनसे कार्यकर्ता का पति भीड़भाड़ के दौरान एक लोकल ट्रेन से उतरते हुए उस महिला से टकरा गया। नेताओं का दावा है कि जब व्यक्ति ने माफी मांगी, तो महिला गुस्सा हो गई और उसे गालियां देने लगी। उस महिला ने कथित रूप से मराठी लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया और व्यक्ति को थप्पड़ भी जड़ा। मनसे कार्यकर्ता के पति ने आरोप लगाया कि महिला ने उसका कॉलर पकड़ा और उसके साथ मारपीट की।

इससे नाराज़ होकर उस व्यक्ति की पत्नी (जो खुद मनसे कार्यकर्ता है) महिला को कलवा स्थित पार्टी के दफ्तर ले गई।

माफी मंगवाई और फिर थप्पड़ मारा

पार्टी कार्यालय से सामने आए एक वीडियो में महिला माफी मांगते हुए दिखाई दे रही है। वह कहती है कि "कलवा स्टेशन पर मेरे साथ जो हुआ, उसमें मैंने एक महाराष्ट्रीयन व्यक्ति को गाली दी और हाथ उठाया। इसके लिए मैं महाराष्ट्र और यहां के लोगों से माफी मांगती हूं।"

इसके बाद मनसे कार्यकर्ता (उस व्यक्ति की पत्नी) कहती है, “एक महिला एक पुरुष पर हाथ उठाती है और वह कुछ नहीं बोलता। कानून सिर्फ महिलाओं पर ही क्यों लागू होता है? वह आधे घंटे तक मेरे पति को गालियां देती रही। मैं उसके खिलाफ केस दर्ज कराने जा रही थी, लेकिन उसकी बेटी और परिवार को देखकर छोड़ रही हूं।”

इसके बाद मनसे महिला कार्यकर्ता घाटे ने उस महिला को थप्पड़ मारा और कहा, “महाराष्ट्र की जनता के बारे में ऐसा दोबारा मत कहना। समझ गई? बस!”

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com