26/11 के हमलों ने बदल दी प्रियंका चतुर्वेदी की जिंदगी की दिशा, कॉर्पोरेट से राजनीति में आने की पूरी कहानी

Priyanka Chaturvedi Birthday: राज्यसभा की पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी के जन्मदिन पर जानें कैसे 26/11 के मुंबई हमलों ने उनकी जिंदगी बदल दी और उन्होंने कॉर्पोरेट करियर छोड़कर राजनीति में एंट्री की।
Priyanka Chaturvedi politics
शिवसेना यूबीटी नेत्री प्रियंका चतुर्वेदीसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • प्रियंका चतुर्वेदी ने कॉर्पोरेट जगत और सफल पीआर फर्म में नौकरी की

  • प्रियंका चतुर्वेदी ने साल 2009 में राजनीति में कदम रखा

  • साल 2008 के मुंबई आतंकी हमलों ने उन्हें झकझोर दिया था

Priyanka Chaturvedi’s Life Turning Point Mumbai Terror Attack: भारतीय राजनीति की सबसे मुखर और प्रखर वक्ताओं में शुमार शिवसेना (यूबीटी) की नेत्री प्रियंका चतुर्वेदी आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। 19 नवंबर 1979 को मुंबई में जन्मीं प्रियंका आज भले ही राष्ट्रीय राजनीति का एक जाना-पहचाना चेहरा हैं, लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब उनका सियासत से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं था। आइए जानते हैं कॉर्पोरेट जगत की एक सफल प्रोफेशनल से लेकर राज्यसभा की सक्रिय सांसद बनने तक का उनका सफर।

कॉर्पोरेट जगत और लेखन में सफल करियर

प्रियंका चतुर्वेदी ने अपनी शुरुआती पढ़ाई मुंबई के जुहू स्थित सेंट जोसेफ हाई स्कूल से की और इसके बाद नरसी मोनजी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स से कॉमर्स में स्नातक की डिग्री हासिल की। शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने कॉर्पोरेट दुनिया में कदम रखा। वह एक मीडिया, जनसंपर्क (PR) और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी की निदेशक के रूप में कार्य कर रही थीं, जहां उन्होंने ब्रांड प्रबंधन और कम्युनिकेशन में अपनी मजबूत पकड़ बनाई।

कामकाज की व्यस्तता के बावजूद उन्हें लिखने-पढ़ने का गहरा शौक था। वे कई प्रमुख अखबारों और डिजिटल पोर्टल्स के लिए समसामयिक विषयों पर नियमित रूप से कॉलम लिखती थीं और एक चर्चित बुक रिव्यू ब्लॉग भी चलाती थीं, जिसे पाठकों के बीच खूब सराहा जाता था।

26/11 के मुंबई हमलों ने बदली प्रियंका चतुर्वेदी की जिंदगी

साल 2008 तक प्रियंका चतुर्वेदी अपनी कॉर्पोरेट नौकरी, लेखन और परिवार के बीच पूरी तरह व्यस्त थीं। लेकिन, 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए भीषण आतंकी हमलों ने उनकी जिंदगी की दिशा हमेशा के लिए बदल दी। अपने ही शहर को दहशत के साये में देखना और उन परिवारों की पीड़ा महसूस करना, जिन्होंने इस हमले में अपने घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्यों को खो दिया था, उन्हें अंदर तक झकझोर गया।

हमले के बाद उन्होंने अन्य महिला ब्लॉगर्स के साथ मिलकर पीड़ित परिवारों की मदद के लिए एक अभियान चलाया। उस समय वे सक्रिय रूप से ब्लॉगिंग करती थीं, जिससे उनके इस ग्रुप ने लगभग 13 पीड़ित परिवारों तक पहुंचकर राहत पहुंचाई और बाद में इन परिवारों को टाटा ट्रस्ट्स से भी मदद मिली। इसी दौरान उन्हें अहसास हुआ कि केवल बाहर बैठकर व्यवस्था की आलोचना करने से बदलाव नहीं आएगा; बल्कि शहर, देश और खासकर महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दों पर ठोस काम करने के लिए सिस्टम का हिस्सा बनना बेहद जरूरी है।

Priyanka Chaturvedi politics
सुप्रिया सुले के बयान के बाद NCP विलय की अटकलों पर लगा फुल स्टॉप, आखिर क्यों साथ नहीं आ सकते दोनों गुट?

प्रियंका चतुर्वेदी का युवा कांग्रेस से राज्यसभा तक का सफर

सिस्टम में बदलाव लाने के संकल्प के साथ प्रियंका ने कॉर्पोरेट जगत की सुरक्षित राह को अलविदा कहा और साल 2009 में भारतीय युवा कांग्रेस के साथ राजनीतिक पारी की शुरुआत की। अपनी बेहतरीन संवाद शैली और कार्यकुशलता के दम पर वह जल्द ही कांग्रेस की राष्ट्रीय पार्टी की प्रवक्ता बन गईं।

priyanka chaturvedi shiv sena
साल 2019 में शिवसेना में शामिल होने के दौरान प्रियंका चतुर्वेदी को शिवसेना बंधन बांधते आदित्य ठाकरे और उद्धव ठाकरेसोर्स: सोशल मीडिया

2019 में कांग्रेस का साथ छोड़ शिवसेना का दामन थामा

इसके बाद, अप्रैल 2019 में उन्होंने कांग्रेस का साथ छोड़कर शिवसेना का दामन थाम लिया। पार्टी ने उनकी काबिलियत को पहचानते हुए साल 2020 में उन्हें महाराष्ट्र से राज्यसभा भेजा। साल 2022 में शिवसेना के राजनीतिक विभाजन के दौरान वह पूरी मजबूती के साथ उद्धव ठाकरे गुट के साथ खड़ी रहीं और सदन में पार्टी की उपनेता की जिम्मेदारी संभाली।

अपने इस छह साल के संसदीय कार्यकाल के दौरान उन्होंने करीब 89 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई, 414 से अधिक बहसों में हिस्सा लिया और 509 सवाल पूछकर खुद को एक बेहद गंभीर और सजग सांसद के रूप में साबित किया।

Priyanka Chaturvedi politics
बालासाहेब ठाकरे का असली उत्तराधिकारी कौन? उद्धव-राज या एकनाथ शिंदे, 14 साल बाद भी जारी है सियासी जंग

शिक्षा और समाजसेवा में आज भी सक्रिय

संसदीय कार्यकाल पूरा होने के बाद भी प्रियंका चतुर्वेदी सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में पूरी तरह सक्रिय हैं। वर्तमान में वह ओ.पी. जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी में 'एडजंक्ट प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस' और ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ORF) में 'विमेन लेड फ्यूचर्स' की प्रमुख के रूप में नीति निर्धारण और शिक्षा के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। इसके अलावा, वह अपने एनजीओ के माध्यम से वंचित बच्चों की शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।