राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (सौ. सोशल मीडिया एक्स )
President Draupadi Murmu In Mumbai: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि हेल्थ सेक्टर में काम करने वाले सभी स्टेक होल्डर्स की यह कोशिश होनी चाहिए कि सभी लोगों को सस्ती और वल्र्ड-क्लास हेल्थकेयर सुविधा मिल सके।
उन्होंने यह बात मंगलवार को मुंबई के लोक भवन में पीडी हिंदुजा अस्पताल द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी अभियान ‘जीवन बचाओ और एक स्वस्थ भारत बनाओ’ के उद्घाटन के मौके पर कही।
राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि नागरिकों का स्वास्थ्य एक सामूहिक जिम्मेदारी है और सभी हितधारकों को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि सबसे गरीब व्यक्ति को भी समय पर और उचित चिकित्सा देखभाल उपलब्ध हो।
द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि भारत एक ग्लोबल हेल्थकेयर डेस्टिनेशन के तौर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करेगा। उन्होंने प्राइवेट अस्पतालों और मेडिकल इंस्टिट्यूट से हेल्थकेयर के साथ-साथ सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी को भी ध्यान में रखने की बात कही।
ये भी पढ़ें :- महाराष्ट्र में ड्रग्स माफिया पर कड़ा वार, सीएम फडणवीस बोले- कूरियर कंपनियों पर भी लगेगा मकोका
इस मौके पर गवर्नर आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी चीफ मिनिस्टर एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मंगलवार की दोपहर को महाराष्ट्र के दो दिन के दौरे पर राष्ट्रपति मुंबई पहुंची। राष्ट्रपति ने भारत सरकार के पिछले दस वर्षों के स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना, विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है, यह योजना गरीब तबके के लोगों के लिए काफी मददगार साबित हुई है। इसके तहत लगभग 12 करोड़ परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपए तक का अस्पताल में भर्ती होने का बीमा कवर मिलता है।