मीरा रोड को मिला तोहफा: 14 मंजिला, 377 बेड के साथ बनेगा हाई टेक सरकारी मल्टीस्पेशलिस्ट हॉस्पिटल

Mumbai News: मीरा-भाईंदर के हाटकेश क्षेत्र में 14 मंजिला और 377 बेड का अत्याधुनिक सरकारी मल्टीस्पेशलिस्ट अस्पताल बनने जा रहा है। इसका पूरा खर्च सरकार उठाएगी।
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका (pic credit; social media)
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका (pic credit; social media)
Published on: 
Updated on: 

Mira-Bhayander News: मीरा-भाईंदर के नागरिकों को जल्द ही एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। हाटकेश क्षेत्र में 14 मंजिला और 377 बेड वाला अत्याधुनिक मल्टीस्पेशलिस्ट अस्पताल बनने जा रहा है। सोमवार को इस महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा राज्य के परिवहन मंत्री एवं धाराशिव जिले के पालकमंत्री प्रताप सरनाईक ने की।

मंत्री सरनाईक ने बताया कि इस अस्पताल के निर्माण पर मीरा-भाईंदर महानगरपालिका का एक भी रुपया खर्च नहीं होगा। संपूर्ण खर्च सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल न केवल मीरा-भाईंदर बल्कि ठाणे और मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (एमएमआर) क्षेत्र का पहला अत्याधुनिक मल्टीस्पेशलिस्ट अस्पताल होगा।

अस्पताल में 300 सामान्य बिस्तर, 55 आईसीयू बिस्तर और 12 आपातकालीन बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा डॉक्टरों और नर्सों के लिए आवास तथा पैरामेडिकल कॉलेज भी अस्पताल परिसर का हिस्सा होगा। करीब 3.30 लाख वर्ग फुट क्षेत्रफल में फैले इस अस्पताल का निर्माण टीडीआर के माध्यम से किया जाएगा और इसे आगामी 3 वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

सरकार की ओर से अस्पताल के लिए आवश्यक सभी आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था भी की जाएगी। सरनाईक ने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे कहा कि अब महानगरपालिका का कर्तव्य है कि इस अस्पताल की सुविधाएँ नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुँचें।

इस मौके पर उन्होंने मीरा-भाईंदर महानगरपालिका आयुक्त को भी निर्देश दिए कि वे मनपा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अन्य अस्पतालों की तत्काल स्थिति का दौरा करें और जरूरी उपाययोजना करें। सरकार के इस निर्णय से मीरा-भाईंदर और आसपास के लाखों नागरिकों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इस परियोजना से न केवल स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि मेडिकल शिक्षा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

मंत्री सरनाईक ने कहा, "हम सरकार के माध्यम से मीरा-भाईंदर महानगरपालिका को सशक्त बनाने के लिए यह महान अवसर प्रदान कर रहे हैं। मुझे विश्वास है कि मनपा उचित योजना और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य के जरिए नागरिकों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com