टेंडर में लापरवाही पर गिरेगी गाज, MBMC आयुक्त ने उपायुक्तों को दी कड़ी चेतावनी

Mumbai News: MBMC आयुक्त राधाबिनोद शर्मा ने ठेकेदारों को बार-बार राहत देने वाले अधिकारियों पर सख्ती दिखाई। चेतावनी दी कि अब विभाग प्रमुखों के साथ उपायुक्तों पर भी गाज गिरेगी।
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका (pic credit; social media)
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका (pic credit; social media)
Published on: 
Updated on: 

Maharashtra News:  मीरा-भाईंदर महानगरपालिका (MBMC) में ठेकेदारों को बार-बार समयसीमा बढ़ाकर फायदा पहुंचाने वाले अधिकारियों पर अब कार्रवाई तय मानी जा रही है। मनपा आयुक्त एवं प्रशासक राधाबिनोद शर्मा ने विभाग प्रमुखों और उपायुक्तों को कड़ी चेतावनी दी है कि निविदा प्रक्रिया (टेंडरिंग) में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शर्मा ने स्पष्ट कहा कि अब केवल विभाग प्रमुख ही नहीं, बल्कि संबंधित उपायुक्तों की भी जवाबदेही तय होगी। यदि उन्होंने ठेकेदारों को अनुचित रूप से समय विस्तार दिया तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, मनपा की कई मूलभूत सेवाएं जैसे दैनिक सफाई, सड़क मरम्मत, शिक्षण सामग्री की आपूर्ति, दवाइयों की खरीद और अन्य रखरखाव कार्य समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं। इसका कारण यह है कि अधिकारियों द्वारा समय रहते नई निविदा प्रक्रिया शुरू नहीं की जाती। इसके बजाय, अनुबंध समाप्त होने के बाद भी ठेकेदारों को लगातार एक्सटेंशन देकर काम चलाया जाता है। इसका सीधा खामियाजा नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है और मनपा की छवि पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।

मनपा आयुक्त व प्रशासक राधाबिनोद शर्मा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अब जवाबदेही तय होगी और यह पहली बार है जब उपायुक्त स्तर के अधिकारियों को भी जिम्मेदार ठहराया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि यदि बिना उचित कारण निविदा प्रक्रिया में देरी हुई या किसी ठेकेदार को अनुचित तरीके से समय विस्तार दिया गया, तो उसकी मंजूरी देने वाले अधिकारी पर भी कार्रवाई होगी।

राधाबिनोद शर्मा ने चेतावनी दी कि मनपा प्रशासन नागरिकों की मूलभूत सेवाओं से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं करेगा। अब ठेकेदारों को अनुचित राहत देने और समयसीमा बढ़ाने की पुरानी प्रथा बंद करनी होगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com