

Mumbai Development Projects: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और गुजरात के वड़ोदरा दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे वडोदरा में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। इसके बाद शाम को मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री वडोदरा में पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (WDFC) के 326 किलोमीटर लंबे तीन महत्वपूर्ण खंड राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन पर 20,700 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुए हैं। सानंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उंबरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-JNPT खंडों के शुरू होने से डीएफसी नेटवर्क अपनी पूरी लंबाई में परिचालन के लिए तैयार हो जाएगा।
इससे जेएनपीए से आयात-निर्यात कार्गो की आवाजाही तेज, बंदरगाहों और औद्योगिक केंद्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर तथा लॉजिस्टिक्स लागत कम होने की उम्मीद है। मुंबई के मौजूदा रेलवे नेटवर्क पर भी माल ढुलाई का दबाव घटेगा।
पीएम मोदी 329 किलोमीटर लंबी और 9,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली तीन रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें वडोदरा-रतलाम तीसरी-चौथी लाइन, मियागाम करजन-चोरंडा-मलसर गेज कन्वर्जन और विश्वामित्री-दभोई दोहरीकरण शामिल हैं। इसके अलावा करीब 1,780 करोड़ रुपये की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। वडोदरा-सूरत मार्ग पर यातायात और सड़क सुरक्षा सुधार के लिए कंदारी चौकड़ी और लुवारा पाटिया में 6 लेन फ्लाईओवर का उद्घाटन भी किया जाएगा।
दौरे के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मुंबई में GFF 2026 का उद्घाटन करेंगे। 8 से 11 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में वित्त, तकनीक, नीति और निवेश से जुड़े वैश्विक विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। पीएम का यह दौरा इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स, रेलवे, सड़क संपर्क और डिजिटल वित्त-इन सभी क्षेत्रों में विकास की गति बढ़ाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।