पीयूष गोयल (सौ. सोशल मीडिया )
Piyush Goyal On Free Trade Deal: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को स्पष्ट किया कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की पूर्ति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश आज आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और इस प्रक्रिया में भारत अपने हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने उपरोक्त बातें कहीं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि प्रधानमंत्री की पहल पर विश्व के 38 देशों के साथ भारत के मुक्त व्यापार समझौतों की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिससे वैश्विक व्यापार क्षेत्र का 70 प्रतिशत हिस्सा भारत के लिए खुल गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन समझौतों से देश का संपूर्ण हित सुरक्षित रहेगा और किसान या किसी अन्य क्षेत्र के हितों को कोई नुकसान नहीं होगा।
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि वैश्विक व्यापार के अवसरों के द्वार भारत के लिए खुल रहे है और अन्य देशों की तुलना में भारत को इन समझौतों से अधिक लाभ होगा। उन्होंने बताया कि भारतीय किसानों, दूध उत्पादन और जीएम खाद्य पदार्थों को इन समझौतों से बाहर रखा गया है, जिससे कृषक हितों की रक्षा सुनिश्चित हो रही है। अन्य क्षेत्रों के उत्पादों को वैश्विक बाजारों में प्रवेश का अभूतपूर्व अवसर मिलेगा, जिससे निर्यात, रोजगार और निवेश में बड़ी वृद्धि होगी।
गोयल ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पार्टी में निराशा छाई हुई है और जनता में भ्रम फैलाने के अलावा उनके पास कोई ठोस योजना नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि राहुल गांधी जैसे नेताओं को जनता ने जिस प्रकार नकारा है। उसे देखते हुए उनके ये निराशाजनक प्रयास सफल नहीं होंगे।
ये भी पढ़ें :- अक्षय कुमार ने किया मुंबई फ्लावर फेस्टिवल का उद्घाटन, पुष्प नरसी उद्यान में रंगों की बहार