कूरियर पार्सल में छिपाकर भेजी जा रही थी 11 किलो ड्रग्स, NCB ने अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट पकड़ा

Ephedrine Drug Seizure: NCB मुंबई ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 10।990 किलो एफेड्रिन जब्त की है। मामले में चेन्नई से एक मुख्य आरोपी गिरफ्तार किया गया और जांच जारी है।
ncb mumbai seizes 11 kg ephedrine drug smuggling network
एफेड्रिन ड्रग्स- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Drug Case: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) मुंबई ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए न्यू जीलैंड भेजे जा रहे 10.990 किलोग्राम एफेड्रिन ड्रग्स को जब्त किया है और इस सिलसिले में चेन्नई से एक मुख्य तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह सफल कार्रवाई खुफिया इनपुट के आधार पर की गई, जिसने एनसीबी के नशा मुक्त भारत के संकल्प को और मजबूती दी है।

कूरियर पार्सल से हुआ ड्रग्स का खुलासा

एनसीबी मुंबई की टीम चेन्नई से संचालित होने वाले एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट पर बारीकी से नजर रख रही थी। इसी दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर अधिकारियों ने मुंबई और कल्याण में तीन संदिग्ध कूरियर पार्सलों को रोका। जब इन पार्सलों को खोलकर गहनता से जांच की गई, तो फर्श की चटाइयों (मैट्स), बेडशीट और फोटो फ्रेम की परतों के बीच बेहद चालाकी से छिपाकर रखी गई कुल 10. 990 किलोग्राम एफेड्रिन बरामद की गई।

फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल

जांच में सामने आया कि जांच एजेंसियों को गुमराह करने के लिए तस्करों ने जाली पहचान पत्रों का इस्तेमाल किया था। वे पार्सल बुक करने के लिए चेन्नई से मुंबई और पुणे जैसे शहरों की यात्रा करते थे। एनसीबी ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए चेन्नई के ट्रिप्लिकेन इलाके में छापेमारी की और मुख्य आरोपी एस। हमीद को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री, डिजिटल तराजू और फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं।

स्वास्थ्य के लिए बेहद घातक है एफेड्रिन

एफेड्रिन एक नियंत्रित पदार्थ है, जिसका दुरुपयोग अत्यधिक नशीले और खतरनाक 'मेथमफेटामाइन' ड्रग्स को अवैध रूप से बनाने में किया जाता है। इसका सेवन इंसानी मस्तिष्क को बुरी तरह प्रभावित करता है और जानलेवा हो सकता है। एनसीबी अब इस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों और ड्रग्स के मुख्य स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com