BJP से नहीं डरे अजित पवार, नवाब मलिक बने NCP के ट्रंप कार्ड, डिप्टी सीएम ने सौंपी BMC चुनाव की कमान

Nawab Malik News: बीएमसी चुनाव से पहले महायुति में खींचतान तेज हो गई है। बीजेपी ने नवाब मलिक के कारण एनसीपी से दूरी बनाई, वहीं अजित पवार ने नवाब मलिक को मुंबई में पार्टी की कमान सौंप दी है।
Nawab Malik Ajit Pawar
नवाब मलिक व अजित पवार (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Nawab Malik In BMC Election: बीएमसी चुनाव के लिए सीट शेयरिंग को लेकर बीजेपी के दादर स्थित वसंत स्मृति कार्यालय में मंगलवार को बीजेपी और शिंदे गुट के नेताओं की बैठक हुई। महायुति की यह पहली बैठक थी। इसमें अजित पवार की पार्टी को आमंत्रित नहीं किया गया था। इसके बाद मुंबई में महायुति टूटने की चर्चाएं तेज हो गई है। भाजपा ने पूर्व मंत्री नवाब मलिक को लेकर डिप्टी सीएम अजित पवार की एनसीपी से नाता तोड़ लिया है।

बीजेपी से नहीं डरे अजित, नवाब ही करेंगे लीड

बीजेपी ने भले ही बीएमसी चुनाव के लिए डिप्टी सीएम अजित पवार की पार्टी से नाता तोड़ लिया है। लेकिन अजित पवार इससे नहीं डरे है। पार्टी के वरिष्ठ नेता नवाब मलिक को उन्होंने जिम्मेदारी सौंपी है। मलिक ने खुलकर सामने आकर संकेत दे दिया है कि वे ही मुंबई में पार्टी को लीड करेंगे।

नवाब मलिक ने मंगलवार को मुंबई विभाग एनसीपी इलेक्शन मैनेजमेंट कमेटी की बैठक ली और जिलेवार समीक्षा की। इसमें 50 सीटों पर चुनाव लड़ने को लेकर बातचीत हुई। यह रिपोर्ट आज बुधवार को पार्टी अध्यक्ष अजित पवार को सौंपी जाएगी। बैठक में सिद्धार्थ कांबले, शिवाजीराव नलावडे, विधायक सना मलिक-शेख, पूर्व विधायक जीशान सिद्दीकी सहित अन्य प्रमुख नेता मौजूद थे।

भाजपा और शिवसेना की बैठक में सीट शेयरिंग पर चर्चा

बीजेपी और शिवसेना की बैठक में बीएमसी चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर चर्चा हुई, दोनों दलों में सहमति बनी है कि जिस सीट से जिस दल का साल 2017 का पूर्व नगरसेवक है, वह सीट उस पार्टी के हिस्से जाएगी। अभी यह तय नहीं हो सका है कि किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी। इस पर एक-दो दिनों में फैसला लिया जाएगा।

एनसीपी से नहीं होगा गठबंधन : शेलार

बैठक के बाद मंत्री आशीष शेलार ने ऐलान किया कि पूर्व मंत्री नवाब मलिक के कारण बीजेपी बीएमसी चुनाव में एनसीपी से गठबंधन नहीं करेगी। बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट) और आरपीआई (आठवले) ने मिलकर बीएमसी चुनाव लड़ने का फैसला किया है और 150 प्लस सीटें जीतने का फार्मूला तय किया गया है। एक-दो दिनों में कौन किस सीट और कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा, यह फैसला कर लिया जाएगा। महायुति में बीजेपी- शिंदे सेना-आरपीआई (आठवले) मिलकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि महायुति का मराठी भाषी ही मुंबई का महापौर बनेगा। उद्धव ठाकरे घोषित करें किस किस गली, मोहल्ले का उनका महापौर बनेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com