NMIA लॉन्च: पहली फ्लाइट, पहली उड़ान और पहली मुस्कान-एयरपोर्ट बनाने वाले श्रमिक ही बने पहले यात्री

NMIA Inauguration: नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहली उड़ान भरी गई। उद्घाटन दिवस पर एयरपोर्ट निर्माण में लगे श्रमिक भी यात्री बने, जिससे यह पल ऐतिहासिक और भावनात्मक बन गया।
Navimumbai International Airport First Flight Workers Passengers Launch
NMIA लॉन्च : पहली फ्लाइट, पहली उड़ान और पहली मुस्कान (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Updated on

Navi Mumbai International Airport : नवी मुंबई के ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गुरुवार को जब पहली वाणिज्यिक उड़ान ने आसमान छुआ, तो यह सिर्फ एक नई शुरुआत नहीं थी, बल्कि उन हाथों का सम्मान भी था जिन्होंने इस सपने को जमीन पर उतारा। एयरपोर्ट के उद्घाटन दिवस पर इसके निर्माण से जुड़े कई श्रमिकों को पहली फ्लाइट में यात्रा का मौका दिया गया, जिससे यह दिन और भी यादगार बन गया।

उद्घाटन उड़ान के दौरान अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने यात्रियों का स्वागत किया। उन्होंने एयरपोर्ट कर्मचारियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स और पहली बार विमान यात्रा कर रहे लोगों से बातचीत की। इस खास मौके का एक वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी साझा किया, जिसमें श्रमिकों और नए यात्रियों की खुशी साफ नजर आई।

गौतम अदाणी ने क्या कहा?

अपने संदेश में गौतम अदाणी ने कहा कि इस ऐतिहासिक उड़ान के असली नायक वही लोग हैं जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर इस परियोजना को साकार किया। उन्होंने लिखा कि रिकॉर्ड समय में पूरा हुआ यह एयरपोर्ट भारत की बढ़ती बुनियादी ताकत और आत्मविश्वास का प्रतीक है। श्रमिकों के चेहरों पर दिखती मुस्कान देश की प्रगति की कहानी बयां करती है। इस पहली उड़ान में शामिल कई यात्री ऐसे थे जिन्होंने जीवन में पहली बार विमान में कदम रखा। एक महिला यात्री ने बताया कि यह अनुभव उनके लिए किसी सपने से कम नहीं है। वहीं कुछ श्रमिक ऐसे भी थे जिन्होंने खुद इस एयरपोर्ट की नींव रखी और अब उसी से उड़ान भरने का गौरव मिला।

मुंबई में शुरू हुआ मल्टी-एयरपोर्ट युग

नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के संचालन के साथ ही मुंबई अब उन वैश्विक महानगरों की सूची में शामिल हो गया है, जहां एक से अधिक हवाई अड्डे काम करते हैं। लंदन, न्यूयॉर्क और टोक्यो जैसे शहरों की तर्ज पर अब मुंबई महानगर क्षेत्र में भी मल्टी-एयरपोर्ट सिस्टम की शुरुआत हो चुकी है। इस एयरपोर्ट का विकास और संचालन अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स लिमिटेड द्वारा किया गया है। इसका उद्देश्य छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करना है।

उद्घाटन के दिन बेंगलुरु से आई इंडिगो की पहली फ्लाइट सुबह 8 बजे वाटर कैनन सलामी के बीच उतरी। पहले ही दिन 9 घरेलू शहरों के लिए 48 उड़ानों का संचालन हुआ, जिनसे 4 हजार से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया।

Navbharat Live
navbharatlive.com