नवी मुंबई में BJP का परचम: सुजाता पाटिल निर्विरोध बनीं महापौर, शिवसेना के पीछे हटने से पलटा पूरा खेल
Navi Mumbai Mayor Election: नवी मुंबई महानगपालिका में बीजेपी की सुजाता पाटिल निर्विरोध महापौर चुनी गई हैं। शिवसेना (शिंदे गुट) की उम्मीदवार द्वारा नाम वापस लेने के बाद गठबंधन में सुलह हो गई है।
- Written By: आकाश मसने
नवी मुंबई की नवनिर्वाचित मेयर सुजाता पाटिल (सोर्स: सोशल मीडिया)
Navi Mumbai Mayor Election Sujata Patil Win: नवी मुंबई नगर निगम (NMMC) के महापौर चुनाव का सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है। गुरुवार, 5 फरवरी 2026 को भारतीय जनता पार्टी की सुजाता पाटिल को आधिकारिक तौर पर नवी मुंबई का नया महापौर चुन लिया गया है।, सुजाता पाटिल ने यह जीत निर्विरोध हासिल की है, क्योंकि प्रतिद्वंद्वी खेमे से किसी ने उनके खिलाफ चुनौती पेश नहीं की। उनके साथ ही बीजेपी के दशरथ भगत को उप महापौर (डिप्टी मेयर) चुना गया है।
गठबंधन में दरार और फिर सुलह की कहानी
इस चुनाव के पीछे पिछले कुछ दिनों से भारी राजनीतिक उठापटक चल रही थी। नवी मुंबई में बीजेपी और शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था। हालांकि, महापौर पद को लेकर दोनों सहयोगियों के बीच अनबन हो गई थी, जिसके कारण दोनों ही पार्टियों ने अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए थे। शिवसेना की ओर से सरोज पाटिल ने नामांकन दाखिल किया था, जिससे मुकाबले के दिलचस्प होने की उम्मीद थी। लेकिन मतदान वाले दिन यानी गुरुवार को दोनों गुटों के बीच सुलह हो गई और शिवसेना ने अपनी उम्मीदवार का नाम वापस ले लिया, जिससे सुजाता पाटिल की राह आसान हो गई।
बहुमत का गणित और ‘होटल पॉलिटिक्स’
नवी मुंबई में महापौर बनने के लिए किसी भी दल को 66 नगरसेवकों के समर्थन की आवश्यकता थी। आंकड़ों के लिहाज से बीजेपी का पलड़ा पहले से ही भारी था। बीजेपी के पास अपने 65 नगरसेवक थे और एक निर्दलीय पार्षद का भी उन्हें समर्थन प्राप्त था। दूसरी ओर, शिवसेना (शिंदे गुट) के पास 42 नगरसेवक थे। किसी भी प्रकार की ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ या पार्षदों की खरीद-फरोख्त से बचने के लिए बीजेपी ने बेहद सावधानी बरती। पार्टी ने अपने सभी पार्षदों को एक सुरक्षित होटल में ठहराया था और उन्हें सीधे मतदान के समय ही निगम लाया गया।
सम्बंधित ख़बरें
‘अगर हम काफिर हैं तो हमारी बनाई सड़कों पर न चलें’, कैलाश विजयवर्गीय के बयान ने फिर मचाया बवाल; देखें VIDEO
NDA से फिर हुआ नीतीश का मोहभंग! मोदी सरकार ने दी थी ये बड़ी जिम्मेदारी, पूर्व सीएम ने सामने से क्यों ठुकराया?
MP में 23 जून को BJP का ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्मरण पक्ष’, धारा 370 और राष्ट्रवाद होगा मुख्य केंद्र
धर्म से नहीं, धन से प्यार! राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में फूटा अखिलेश का गुस्सा, देखें VIDEO
यह भी पढ़ें:- मुंबई-पुणे तो झांकी है… समृद्धि एक्सप्रेसवे पर रोज झेलना पड़ता है जाम का झाम! 30 KM के लिए लगते है 3 घंटे
कौन हैं नई महापौर सुजाता पाटिल?
सुजाता पाटिल नवी मुंबई की राजनीति में एक उभरता हुआ चेहरा हैं। वह नेरूल इलाके से दूसरी बार नगरसेविका चुनी गई हैं। उनके पति, सूरज पाटिल, बीजेपी के एक दिग्गज और आक्रामक नेता माने जाते हैं, जो पूर्व मंत्री गणेश नाइक के बेहद वफादार हैं। महापौर के पद पर सुजाता पाटिल की नियुक्ति से क्षेत्र में बीजेपी और गणेश नाइक समर्थकों का दबदबा और मजबूत होने की उम्मीद है। इस जीत के बाद नगर निगम में जश्न का माहौल है, हालांकि डिप्टी मेयर पद के लिए शिवसेना ने पहले आकाश बालकृष्ण माधवी को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन अंततः वहां भी बीजेपी के दशरथ भगत ने बाजी मारी।
