शरद पवार का पुणे में बड़ा दांव, श्रीकांत पाटिल को बनाया विधान परिषद उम्मीदवार

MVA Seat Sharing Formula: एमएलसी चुनाव को लेकर एमवीए में सीट बंटवारे पर लगभग सहमति बन गई है। 17 में से 15 सीटों का फॉर्मूला तय हो गया है, जबकि पुणे से श्रीकांत पाटिल की उम्मीदवारी चर्चा में है।
MVA Seat Sharing Formula News
MVA सीट शेयरिंग फ़ॉर्मूला (सौ. डिजाइन फोटो )
Published on
Updated on

MVA Seat Sharing Formula News: महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव को लेकर एमवीए में सीट बंटवारे का बड़ा फॉर्मूला लगभग तय हो गया है। शुक्रवार को मुंबई में हुई महत्वपूर्ण बैठक में 17 में से 15 सीटों पर कांग्रेस, उद्धव गुट और शरद गुट के बीच सहमति बन गई, वहीं पुणे सीट पर शरद पवार ने बड़ा राजनीतिक दांव चलते हुए पार्टी के पुणे शहराध्यक्ष श्रीकांत पाटिल को उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है।

बताया जा रहा है कि खुद शरद पवार ने फोन कर उन्हें नामांकन दाखिल करने के निर्देश दिए। मुंबई के यशवंतराव चव्हाण सभागृह में हुई बैठक के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने जानकारी दी कि कांग्रेस 8 सीटों पर, उद्धव गुट 4 सीटों पर और शरद गुट 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। हालांकि नाशिक और नांदेड़ सीटों पर अभी भी अंतिम फैसला बाकी है, क्योंकि इन दोनों सीटों पर तीनों दलों ने दावा ठोका है।

शरद पवार का 'मास्टरस्ट्रोक'

पुणे विधान परिषद सीट पर कई नामों की चर्चा के बीच आखिरकार, श्रीकांत पाटिल के नाम पर मुहर लगाई गई। सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार ने सीधे हस्तक्षेप करते हुए फोन पर उन्हें चुनाव लड़ने का निर्देश दिया। इसे पार्टी का बड़ा रणनीतिक कदम माना जा रहा है। पार्टी ने पुणे में संगठनात्मक पकड़ मजबूत करने और स्थानीय नेतृत्व को बढ़ावा देने की रणनीति के तहत यह फैसला लिया है। श्रीकांत पाटिल की उम्मीदवारी के बाद पुणे का मुकाबला और प्रतिष्ठित माना जा रहा है।

सत्ता बचाने के लिए पैसों की राजनीति : सपकाल

सफ्काल ने महायुति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव में पैसों का खुला इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि नगरसेवकों को खरीदने के लिए लाखों रुपये एडवास दिए जा रहे है और सता पक्ष सहयोगी दलों के मतदाताओं को भी तोड़ने की कोशिश कर रहा है। महायुति सत्ता बचाने के लिए पैसे की राजनीति की जा रही है। सपकाल ने अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है।

8 सीटों पर लड़ेगी कांग्रेस

  • प्रारंभिक सहमति के अनुसार कांग्रेस चंद्रपुर, यवतमाल, भंडारा-गोंदिया, अमरावती, अहिल्यानगर, सोलापुर, धाराशिव-लातूर-बीड और नागपुर सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
  • उद्धव गुट रत्नागिरी, जलगांव, परभणी-हिंगोली और संभाजीनगर सीटों पर उम्मीदवार उत्तारेगा।
  • वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद गुट) पुणे, ठाणे और सातारा-सांगली सीटों पर चुनाव मैदान में उतरेगी।

वरिष्ठ नेताओं को बनाया गया पर्यवेक्षक

सपकाल ने कहा कि विधान परिषद चुनाव पर नज़र रखने के लिए कांग्रेस पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। पश्चिम महाराष्ट्र के सोलापुर निर्वाचन क्षेत्र के लिए सांसद प्रणिती शिंदे, सांगली-सातारा के लिए पूर्व मंत्री विश्वजीत कदम, पुणे के लिए विधान परिषद में समूह नेता सतेज उर्फ बंटी पाटिल, उत्तर महाराष्ट्र के अहिल्यानगर के लिए बालासाहेब थोरात, जलगांव के लिए सांसद चंद्रकांत हंडोरे, नाशिक के लिए पूर्व मंत्री के सी पाडवी, मराठवाड़ा के नांदेड़ के लिए सांसद रवींद्र चव्हाण, धाराशिव-लातूर-बीड के लिए विधायक अमित देशमुख, परभणी-हिंगोली के लिए सांसद डॉ। कल्याण काले, छत्रपति संभाजीनगर-जालना के लिए पूर्व सांसद तुकाराम रेगे पाटील, यवतमाल के लिए माणिकराव ठाकरे, भंडारा-गोंदिया के लिए विधायक नाना पटोले, वर्धा-चंद्रपुर गडचिरोली के लिए विजय वडेट्टीवार, अमरावती के लिए यशोमती ठाकूर, नागपुर उपचुनाव के लिए पूर्व मंत्री डॉ नितीन राऊत, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग के लिए मुजफ्फर हुसैन को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com