प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Online Shopping Scam: डिजिटल युग में जहां ऑनलाइन शॉपिंग ने हमारी जिंदगी आसान बना दी है, वहीं साइबर अपराधी भी मासूम लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामला देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से सामने आया है, जहां एक महिला को ऑनलाइन खरीदी गई कुर्तियों का रिफंड पाने की कोशिश में 98,000 रुपये का चूना लग गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंबई की रहने वाली पीड़ित महिला ने एक मशहूर रिटेल वेबसाइट ‘वेस्टसाइड’ से चार कुर्तियां ऑर्डर की थीं। ऑर्डर के समय उन्होंने ऑनलाइन भुगतान भी कर दिया था। ट्रांजैक्शन सफल रहा और महिला को लगा कि उनका ऑर्डर जल्द ही उन तक पहुंच जाएगा। हालांकि, असली खेल तब शुरू हुआ जब उन्हें एक अनजान नंबर से फोन आया।
फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को कंपनी का कस्टमर सपोर्ट एग्जीक्यूटिव बताया। उसने महिला से कहा कि तकनीकी खराबी के कारण उनका पिछला पेमेंट फेल हो गया है और उन्हें ऑर्डर कंफर्म करने के लिए फिर से भुगतान करना होगा। जालसाज ने महिला को विश्वास दिलाया कि जो अतिरिक्त पैसा कटेगा, वह तुरंत उनके खाते में वापस आ जाएगा। महिला ने उसकी बातों पर भरोसा कर लिया और रिफंड प्रक्रिया शुरू करने के लिए 2,647 रुपये का दोबारा भुगतान किया। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने महिला के होश उड़ा दिए।
जालसाज ने महिला को बातों में उलझाए रखा और उन्हें एक के बाद एक कई स्टेप्स फॉलो करने को कहा। इसी दौरान महिला के मोबाइल पर बैंक से पैसे कटने के मैसेज आने शुरू हो गए। जब तक महिला को अहसास होता कि वह साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो चुकी हैं, तब तक उनके बैंक खाते से किस्तों में कुल 98,000 रुपये निकल चुके थे। लगातार आ रहे बैंक अलर्ट्स के बाद महिला ने तुरंत अपना कार्ड ब्लॉक कराया और पुलिस से संपर्क किया।
महिला की शिकायत पर मुंबई पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की टीम उन नंबरों और बैंक खातों की जांच कर रही है, जहां पैसे ट्रांसफर किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि कोई भी आधिकारिक शॉपिंग प्लेटफॉर्म रिफंड के लिए आपसे PIN, OTP या दोबारा भुगतान की मांग नहीं करता है।
यह भी पढ़ें:- लातूर ZP में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी होकर भी सत्ता से दूर, BJP ने NCP से मिलाया हाथ, उषा पाटिल बनीं अध्यक्ष
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में अपराधी अक्सर ‘सर्च इंजन’ पर मौजूद फर्जी कस्टमर केयर नंबरों के जरिए लोगों को फंसाते हैं। यदि आपको भी रिफंड से जुड़ी कोई समस्या है, तो केवल आधिकारिक ऐप या वेबसाइट पर दिए गए हेल्प सेक्शन का ही उपयोग करें।